देहरादून। ऋषिकेश के गंगा भोगपुर में स्थानीय लोगों के विरोध पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वनंत्रा रिजार्ट के ध्वस्तीकरण का आदेश दिए। देर शाम को यमकेश्वर तहसील प्रशासन ने जेसीबी से रिजॉर्ट को तोड़ दिया।
शुक्रवार को गंगा भोगपुर और आसपास के गांव के लोग शाम को वनंत्रा रिजॉर्ट के बाहर धरने पर बैठ गए थे। मौके पर पुलिस भी तैनात थी। पुलिस को आशंका थी कि लोग रिजॉर्ट में तोड़फोड़ और आगजनी कर नुकसान पहुंचा सकते हैं। इसी बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रिजॉर्ट के ध्वस्तीकरण के आदेश जारी कर दिए।
इसके बाद मौके पर मौजूद एसडीएम प्रमोद कुमार और तहसीलदार मनजीत सिंह की अगुवाई में टीम ने जेसीबी से रिजॉर्ट का बाहरी ढांचा ध्वस्त कर दिया। एसडीएम ने रिजॉर्ट को ध्वस्त करने की पुष्टि की है। हालांकि सूत्रों के अनुसार मौके पर मौजूद लोगों के गुस्से को शांत करने के लिए प्रशासन ने ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की।
विनोद आर्य और अंकित आर्य निष्काषित
भाजपा ने अंकिता हत्याकांड मे पुलकित आर्य की गिरफ़्तारी के बाद विनोद आर्य और उनके पुत्र डॉ अंकित आर्य को पार्टी से निष्काषित कर दिया है।
पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के निर्देश पर यह कार्यवाही की गयी है। वहीं मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर उत्तराखण्ड अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग में नामित उपाध्यक्ष श्री अंकित आर्य पुत्र श्री विनोद आर्य निवासी स्वदेशी भवन, आर्य नगर, हरिद्वार को उत्तराखण्ड अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग अधिनियम, 2003 ( अधिनियम संख्या 7 वर्ष 2003) की धारा 5 की उपधारा 3 (च) के तहत तत्काल प्रभाव से उक्त पद से पदमुक्त किया गया है।
प्रमुख सचिव श्री एल फैनई द्वारा इसका आदेश जारी कर दिया गया है। तदक्रम में श्री अंकित आर्य को अनुमन्य सुविधाऐं भी तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई है।

