अंकिता भंडारी के पिता को एसआईटी पर नहीं, सीबीआई जांच पर ही भरोसा

Ankita Bhandari murder case

देहरादून। ऋषिकेश के कोयलघाटी स्थित धरनास्थल पर पहुंचे अंकिता भंडारी के पिता वीरेंद्र भंडारी ने कहा कि उन्हें एसआईटी की जांच पर भरोसा नहीं है। जब सारे सबूत नष्ट हो गए हैं तो जांच में क्या निकलकर आएगा। उन्होंने कहा कि वह इस मामले में सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। जब तक इस मामले की सीबीआई जांच शुरु नहीं होगी, तब तक वह अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष करते रहेंगे।

अंकिता के पिता वीरेंद्र भंडारी और मां सोनी देवी कोयलघाटी ‌स्थित युवा न्याय संघर्ष समिति की ओर से दिए जा रहे धरनास्थल पर पहुंचे। धरनास्थल पर अंकिता भंडारी के पिता ने कहा कि घटना के अगले ही ‌दिन घटनास्थल के सबूत नष्ट कर दिए गए थे। घटनास्थल के पास फैक्टरी के जिस कमरे में अन्य आरोपी रहते थे उसमें भी आग लगा दी गई। उन्होंने कहा कि घटना से संबंधित सारे साक्ष्यों को नष्ट कर दिया गया है।

एसआईटी इस मामले में जांच कर रही है। जब साक्ष्य ही खत्म हो गए तो आरोपियों को कठोर सजा कहां से मिलेगी। घटना के 10 दिन बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी उनसे मिलने के लिए उनके गांव में आए थे उन्होंने ने भी आरोपियों को जल्द सजा दिलाने और इस केस का ट्रायल फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाने का आश्वासन दिया था ,लेकिन आज तक कुछ नहीं हुआ। कहा कि इस मामले में जांच एजेंसियां दबाव में काम रही हैं। इससे न्याय मिलने की उम्मीद नहीं है। अंकिता की मां सोनी देवी ने रविवार रात को प्रशासन की ओर से शकुंतला देवी को धरनास्थल से बेरहमी से उठाने की घटना से वह आहत हैं।

अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने के लिए युवा न्याय संघर्ष समि‌ति की ओर से 41 दिन से कोयलघाटी में धरना दिया जा रहा है। समिति के सदस्य क्रमिक अनशन और आमरण अनशन कर रहे हैं। अंकिता के पिता वीरेंद्र भंडारी ने कहा कि मंगलवार को दिनभर वह धरनास्थल पर आंदोलनकारियों के साथ धरना देेंगे। वहीं अंकिता भंडारी के माता पिता के देर रात ऋषिकेश ‌स्थित धरनास्थल पर पहुंचने की सूचना के बाद पुलिस और स्थानीय प्रशासन के हाथ पांव फूले हुए हैं।

advertisement at ghamasaana