देहरादून l उत्तरांचल प्रेस क्लब के प्रतिष्ठापूर्ण चुनाव में अध्यक्ष पद पर उत्तराखंड पत्रकार यूनियन (यूपीयू) के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र कंडारी ने धमाकेदार जीत दर्ज की। उन्होंने इस पद पर अपने प्रतिद्वंद्वी अरूण शर्मा को 43 मतों के अंतर से पराजित किया। कंडारी को 188 और शर्मा को 138 वोट मिले। वहीं, महामंत्री पद पर सुरेंद्र डसीला ने 169 मत प्राप्त कर विनोद पुंडीर को 25 मतों के अंतर से हराया। पुंडीर को 144 वोट मिले।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर कड़े चतुष्कोणीय मुकाबले में यूपीयू के अभिषेक मिश्रा ने अपने निकटतम प्रत्याशी आशीष उनियाल को 4 मतों के अंतर से हराया। अभिषेक को 131 और आशीष को 127 मत मिले। इस पद पर अन्य दो प्रत्याशियों गौरव गुलेरी को 20 और बालम सिंह तोपवाल 30 को महज वोट प्राप्त हुए। कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर सीधे मुकाबले में सुलोचना पयाल 178 वोट लेकर निर्वाचित हुईं। इस पद पर उनके प्रतिद्वंद्वी राजीव थपलियाल को 148 वोट मिले। कोषाध्यक्ष पद पर हुए त्रिकोणीय मुकाबले में यूपीयू के अनिल चंदोला ने 138 मत प्राप्त कर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी मनोज ज्याड़ा को 13 मतों के अंतर से शिकस्त दी। ज्याड़ा 115 को और तीसरे प्रत्याशी राजेंद्र उनियाल को 60 मत प्राप्त हुए।
ऑडिटर पद पर यूपीयू के शिवेश शर्मा पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो चुके थे। संयुक्त मंत्री (महिला आरक्षित) पद पर 199 वोट लेकर रश्मि चुनी गई। इस पद पर प्रभा वर्मा को 108 वोट मिले। संयुक्त मंत्री के दूसरे पद पर अभय कैंतुरा पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो गए थे। कार्यकारिणी के नौ पदों के लिए मनवर सिंह रावत (272), संदीप बडोला (241), दीपक बड़थ्वाल (212), शूरवीर भंडारी (207), किशोर रावत (191), मो. असद (179), रमन जायसवाल (179), योगेश रतूड़ी (177) और पंकज भट्ट (177) चुन लिए गए। अन्य दो प्रत्याशियों दीपक छावड़ा को 162 और अंबुज शर्मा को 140 मतों से ही संतोष करना पड़ा।
क्लब के निर्वाचन अधिकारी कुंवरराज अस्थाना ने सहायक निर्वाचन अधिकारियों लक्ष्मी प्रसाद बडोनी और वीके डोभाल की मौजूदगी में मध्य रात्रि तक चली मतगणना के बाद परिणामों की घोषणा की। इससे पहले सुबह 9 बजे से दोपहर दो बजे तक हुए मतदान में कुल 357 मतदाताओं में से 318 ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। क्लब के 30 साल के इतिहास में पहली बार मतदाताओं की संख्या इतनी अधिक रही और पहली बार ही मतगणना 9 घंटे से ज्यादा देर तक चली।

