लखनऊ l आजकल ज्यादातर लोग फोन पर बात करने के लिए ब्लूटूथ नेकबैंड और ईयरबड्स का इस्तेमाल करते हैं। ये वायरलेस डिवाइस सुविधाजनक होते हैं, लेकिन हाल के दिनों में इनसे जुड़े कुछ बड़े हादसे भी सामने आए हैं। ताजा मामला उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से आया है, जहां 27 वर्षीय युवक की ब्लूटूथ नेकबैंड ब्लास्ट होने से दर्दनाक मौत हो गई।
फोन पर बात करते समय हुआ हादसा
इंदिरा नगर, सेक्टर-17 के निवासी आशीष मंगलवार रात करीब 11:30 बजे छत पर टहलते हुए ब्लूटूथ नेकबैंड से फोन पर बात कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनके नेकबैंड में जबरदस्त ब्लास्ट हो गया। धमाके की आवाज सुनकर परिवार के सदस्य उन्हें ढूंढते हुए छत पर पहुंचे, जहां आशीष गंभीर रूप से झुलसे हुए मिले।
बचाने की कोशिश, पर नहीं बची जान
परिजन तुरंत आशीष को राममनोहर लोहिया अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। ब्लास्ट से उनके सीने, पेट और दाहिने पैर की त्वचा बुरी तरह झुलस गई थी। उनका ब्लूटूथ नेकबैंड पूरी तरह पिघल चुका था और गले से लटका हुआ मिला।
इलाके में दहशत, पुलिस जांच में जुटी
घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और आसपास के लोगों में डर का माहौल बन गया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। विशेषज्ञ यह भी पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि ब्लास्ट की वजह क्या थी—ओवरचार्जिंग, बैटरी की खराबी या कोई अन्य कारण।

