देहरादून। रुद्रप्रयाग जिले में स्थित केदारनाथ धाम में दूसरे दिन भी रूक-रूककर हल्की बर्फबारी होती रही। केदारपुरी में दोपहर तक लगभग आठ इंच तक फीट से अधिक बर्फ जम चुकी है। खराब मौसम के कारण यहां पुनर्निर्माण कार्य भी ठप हो गए हैं। निचले इलाकों में हल्की बारिश हो रही है, जिससे ठंड बढ़ गई है।
केदारनाथ में रूक-रूककर कर दिनभर में कई बार हल्की बर्फबारी होती रही। दुग्ध गंगा, चोराबाड़ी, बासुकीताल सहित गरूड़चट्टी और भैरव मंदिर के ऊपरी तरफ जमकर बर्फबारी होती रही। केदारपुरी में यहां लगभग आठ इंच तक बर्फ जम चुकी है। इस सीजन में यह पहला मौका है, जब धाम में बर्फ जम रही है। इस वर्ष सितंबर से नवंबर के बीच कई बार हिमपात हो चुका है।
शुक्रवार को यहां सभी पुनर्निर्माण कार्य बंद रहे। इस दौरान कार्यदायी संस्थाओं के मजबूर कमरों में दुबके रहे। केदारनाथ में पुनर्निर्माण कार्य करा रही कार्यदायी संस्था जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण-लोनिवि गुप्तकाशी के अधिशासी अभियंता प्रवीण कर्णवाल ने बताया कि केदारनाथ में 8 इंच बर्फ जमा हो चुकी है, जिससे सभी निर्माण कार्य बंद कर दिए गए हैं। बर्फबारी व शीतलहर के कारण यहां सुबह दस बजे तक पारा माइनस में रहा। इसके बाद तापमान अधिकत 4 डिग्री तक पहुंचा। लेकिन दोपहर बाद तेज शीतहलर के कारण तापमान पुन: माइनस में चल गया। बताया कि मौसम में सुधार होने के बाद कार्य शुरू हो जाएंगे।
केदारनाथ में पुनर्निर्माण के दूसरे चरण के कार्य चल रहे हैं, जिसमें अधिकांश भवन निर्माण कार्य शामिल हैं। दूसरी तरफ द्वितीय केदार मद्महेश्वर, तृती केदार तुंगनाथ, चोपता, चंद्रशिला, हरियाली देवी, चिरबटिया के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी हल्की बर्फबारी हुई है। इधर, जिला मुख्यालय रुद्रप्रयाग सहित नगर तिलवाड़ा, जखोली, मयाली, अगस्त्यमुनि, गुप्तकाशी, ऊखीमठ सहित अन्य क्षेत्रों में सुबह से दोपहर तक हल्की बारिश होती रही, जिससे कड़ाके की ठंड पड़ रही है।







