बस्ती- भीषण कार हादसा : पूर्व सैनिक और उनके भतीजे सहित चार की मौत

basti accident

बस्ती। बेटी की तिलक चढ़ाकर प्रयागराज से लौट रहे पूर्व सैनिक की कार प्रतापगढ़ में दुर्घटना ग्रस्त हो गई। जिसमें पूर्व सैनिक, उनके भतीजे, साढ़ू और उनकी बेटी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक की हालत गंभीर बनी हुई है। रविवार को उनकी बेटी की बरात आनी है। अब जहां शाादी की खुशियां होनी चाहिए अब वहां मातम पसरा है।

हर्रैया क्षेत्र के गांव महुआपार में बृहस्पतिवार को सुबह एक ऐसी खबर पहुंची, जिससे पूरे गांव में कोहराम मच गया। गांव निवासी पूर्व सैनिक सुरेंद्र कुमार सिंह अपनी छोटी का विवाह प्रयागराज जनपद में तय किया था। बुधवार को घर से धूमधाम के साथ तिलक चढ़ाने परिवार के करीबियों के साथ वह प्रयागराज गए थे।

जहां पर हर्षोल्लास के साथ एवं विधि. विधान से तिलक चढ़ाने की रस्म के पश्चात वह कार द्वारा वापस बस्ती लौट रहे थे। किंतु होनी को कुछ और ही मंजूर था और पूर्व सैनिक सुरेंद्र कुमार सिंह की वरना कार प्रतापगढ़ जनपद में रात करीब 2 बजे दुर्घटनाग्रस्त हो गई। जिससे कार सवार सुरेंद्र कुमार सिंह 56 पुत्र कृष्ण कुमार सिंह व उनके भतीजे सुशील कुमार सिंह 25 पुत्र उमाशंकर सिंह तथा गोरखपुर जनपद निवासी हरि सिंह 56 वर्ष उनकी पुत्री श्रेयांशी सिंह 15 वर्ष की मौत हो गई। वहीं पप्पू गुप्ता 28 वर्ष पुत्र रामधनी गुप्ता निवासी हरबंशपुर थाना हर्रैया गंभीर रूप से घायल हो गये जिनका इलाज लखनऊ के निजी चिकित्सालय में चल रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार भारतीय सेना से अवकाश प्राप्त सुरेंद्र कुमार सिंह की दो पुत्रियों में बड़ी पुत्री अनुपमा सिंह बॉलीवुड में अपना फिल्मी कैरियर बनाने के लिए प्रयासरत है, जिसके कारण उसका विवाह न कर, पिता ने बड़ी हसरत के साथ छोटी पुत्री निरुपमा सिंह का विवाह तय किया था। लेकिन होनी को कुछ और ही मंजूर था और उनका सपना अधूरा रह गया। रविवार को महुआपार ग्राम में बारात आनी थी जिसकी तैयारियां जोरों पर थी। लेकिन चार लोगों की मौत से पूरे गांव में मातम छाया हुआ है। पुलिस के मुताबिक चारों शवों का पोस्टमार्टम करने के बाद परिजनों की सुपुर्दगी में दे दिया गया है।

advertisement at ghamasaana