बरेली मंडल के दो हजार से अधिक किसानों की जमीन होगी नीलाम, जानिए क्यों

bareilly faremers

बरेली। मंडल के दो हजार से भी अधिक किसानों की जमीन पर नीलामी का खतरा मंडरा रहा है। इन किसानों पर उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक लिमिटेड का लाखों रुपया बकाया है। जिसकी किस्तें समय से नहीं चुकाने पर बैंक ने नीलामी का आखिरी नोटिस भेज दिया है। बैंक ने इनको 15 दिन में पैसा जमा कराने का समय दिया है, ऐसा नहीं करने पर इनकी जमीन की नीलामी प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।

उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक ने मंडल के 49,241 किसानों को लोन दिया था, जिसका 290 करोड़ रुपया बकाया है। इनमें से 24,534 किसान ऐसे हैं जिन पर एक लाख रुपयेे से ज्यादा बकाया है। बैंक ने इनको वसूली के लिए कई बार नोटिस दिए, लेकिन किसानों ने किस्त नहीं जमा कराई। इस पर बैंक को नीलामी से पहले के आखिरी नोटिस निकालने पर मजबूर होना पड़ा।

बरेली जिले में 876, शाहजहांपुर में 802 और पीलीभीत में 350 किसानों को नोटिस दिया गया है। बदायूं में कोई नोटिस जारी नहीं हुआ है। नोटिस मिलने के बाद कुछ किसानों ने पैसे जमा किए हैं। किसानों का एक वर्ग लोन माफी की मांग भी कर रहा है। यह लोन दो वर्ष से दस वर्ष तक पुराने हैं। वर्षों से बैंक को धोखा दे रहे 13 किसानों को इस बार बैंक ने वसूली के लिए गिरफ्तार भी कराया था। इन लोगों को 14 दिन के लिए जेल भी भेजा गया। इसके बाद भी किसान पैसा जमा नहीं कर रहे हैं।

सहकारी ग्राम विकास बैंक के बीएम एपी सिंह कहते हैं कि किसानों को राहत देने के लिए एकमुश्त समाधान योजना भी चलाई गई, इतना ही नहीं इसकी तारीख भी लगातार बढ़ाई जा रही है। इसमें छूट का भी प्रावधान किया गया है। व्यापक प्रचार.प्रसार के बाद भी किसान योजना का लाभ लेने नहीं आ रहे हैं। मंडल के 33 हजार किसानों को इसका लाभ मिल सकता है।

जिला किसान बकाया धनराशि
बरेली. 13620 85 करोड़
शाहजहांपुर 16121 107 करोड़
पीलीभीत 8500 53 करोड़
बदायूं 11000 45 करोड़

advertisement at ghamasaana