देहरादून। प्रदेश के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेनि.) गुरमीत सिंह ने राज्य स्थापना दिवस पर उत्तराखंड बोर्ड के 10वीं और 12वीं के मेधावी 16 छात्र छात्राओं को राजभवन में आयोजित कार्यक्रम में सम्मानित किया। राज्यपाल ने कहा कि छात्र-छात्राएं राष्ट्र का भविष्य है। जिनसे परिवार, समाज, राज्य और देश को बहुत अपेक्षाएं हैं।
राजभवन में आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल ने कहा कि छात्र-छात्राएं खुद में लीडर्स हैं। जो दृढ़ संकल्प लेकर अपने लक्ष्य को हासिल करें। उन्हें विश्व का नेतृत्व करना है। राज्यपाल ने छात्र-छात्राओं से अपने जीवन के अनुभव सांझा कर उनका उत्साहवर्द्धन किया। राज्यपाल ने प्रत्येक राज्य स्थापना दिवस पर राजभवन में मेधावी छात्र-छात्राओं एवं राज्य में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित करने की नई परंपरा का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में राज्यपाल की पत्नी गुरमीत कौर, शिक्षा महानिदेशक बंशीधर तिवारी, शिक्षा निदेशक सीमा जौनसारी, गजेंद्र सिंह, नागेंद्र बर्त्वाल, हरि चंद सेमवाल, आनंद भारद्वाज, कमला बड़वाल, भूपेंद्र नेगी आदि मौजूद रहे।
इन छात्र-छात्राओं को किया सम्मानित
उत्तराखंड बोर्ड की 10वीं एवं 12वीं की वर्ष 2020-21 की मेरिट सूची में टॉप तीन स्थान आए छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। राजभवन में सम्मानित होने वालों में श्रीकोट चमियाला टिहरी से अभिषेक सेमवाल, गोपेश्वर चमोली से सिमरन नेगी, अगस्त्यमुनि रुद्रप्रयाग से आदर्श भट्ट, डाकपत्थर देहरादून से रोहित कुमार गुप्ता, बौराड़ी नई टिहरी से हितांशु रतूड़ी, नानकमत्ता ऊधमसिंह नगर से संदीप कौर, रानीपुर हरिद्वार से शिवी त्यागी, मुनस्यारी पिथौरागढ़ से हिमांशु राणा व होशियार सिंह, हरिद्वार से वंश, पिथौरागढ़ से भारत सिंह कठायत, नैनीताल से अनुष्का अग्रवाल, रुद्रप्रयाग से आलोक भंडारी, गरिमा, जयश्री एवं पिथौरागढ़ से लक्ष्मी खरायत को सम्मानित किया गया।
इन स्कूलों को मिला पंडित दीनदयाल उपाध्याय
प्रदेश में छह स्कूलों को पंडित दीनदयाल उपाध्याय पुरस्कार 2021 के तहत उत्कृष्ट विद्यालय के रूप में मुख्यमंत्री ट्रॉफी दी गई। पुलिस लाइन मैदान में आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल ने स्कूलों को यह ट्राफी प्रदान की। इंटरमीडिएट कालेजों में जीजीआईसी संघीपुर हरिद्वार को प्रथम, आईपीई कालेज लक्सर हरिद्वार को द्वितीय, केएमएसबी हिमालया आईसी चौकोरी पिथौरागढ़ को तृतीय पुरस्कार मिला। जबकि हाईस्कूलों में ग्लोरिया एचएस डीडीहाट पिथौरागढ़ को पहला, एनएमवीआईसी भागीरथीपुरम टिहरी गढ़वाल को द्वितीय एवं जीनियस पब्लिक स्कूल पुरोला उत्तरकाशी को तृतीय पुरस्कार मिला।

