देहरादून। मुख्यमंत्री के निर्देशन में कैबिनेट मंत्री बंशीधर भगत के आश्वासन पर फार्मासिस्टों का अनशन स्थगित। धरना जारी। आज होने वाली कैबिनेट में प्रकरण में चर्चा का दिया भरोसा।
आज 71 दिन पश्चात धरना स्थल एकता विहार में मुख्यमंत्री जी के निर्देशानुसार कैबिनेट मंत्री बंशीधर भगत के द्वारा आंदोलनरत बेरोजगार डिप्लोमा फार्मासिस्टों की सुध ली गई। उनके द्वारा आश्वस्त किया गया कि आज होने वाली कैबिनेट में फार्मेसिस्ट प्रकरण पर पुरजोर चर्चा की जाएगी और जनहित एवं फार्मसिस्टों के हितों में सरकार की तरफ से सकारात्मक पहल की जाएगी। उन्होंने 8 दिन से आमरण अनशन पर बैठे बेरोजगार फार्मासिस्ट विनायका डिमरी, अनुज पुंडीर, मनोहर बोरा, संजीव बलूनी, सोलन सिमल्टी, विजय जोशी को जूस पिलाकर उनका आमरण अनशन स्थगित करवाया।
इस अवसर पर नानकमत्ता विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा भी उपस्थित रहे। महासंघ के अध्यक्ष महादेव गौड़ के द्वारा बताया गया कि मुख्यमंत्री के साथ सकारात्मक वार्ता एवं आश्वासन पर आज होने वाली आक्रोश रैली को स्थगित कर दिया गया है। आज होने वाली कैबिनेट पर बेरोजगार फार्मासिस्ट की निगाहें टिकी हुई है। उनके द्वारा यह भी बताया गया कि जब तक 536 पदों को यथावत रखने, 1368 पदों के सृजन संबंधी आदेश एवं रिक्त पदों पर तत्काल भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ करने का विज्ञापन जारी नहीं होता है, तब तक धरना जारी रहेगा।
उन्होंने उम्मीद जताई की दीपावली से पूर्व बेरोजगार फार्मासिस्ट की मांगों पर सरकार सकारात्मक निर्णय लेते हुए विज्ञप्ति प्रकाशित कर दीपावली का तोहफा देगी। धरना देने वालों में जयप्रकाश, जगदीश, धनपाल, चंद्रशेखर, खेमराज, गौतम, रतन, मणि, अलीशा, विपुल, यमुना, मुग्धा, अरविंद, कृतम, विनोद, सुभाष, रविंद्र, राजीव, चंद्रशेखर, प्रशांत, राकेश कुलदीप राजेश, विकास आदि फार्मासिस्ट शामिल रहे।

