सहारनपुर। जनपद के मतदाताओं ने लोकतंत्र के महापर्व उत्साह पूर्वक मताधिकार का प्रयोग किया। जिले में छिटपुट हंगामे के बीच शांतिपूर्वक माहौल में 71.01 प्रतिशत मतदान हुआ। चुनावी रण में उतरे 71 प्रत्याशियों के जीत हार का फैसला ईवीएम में कैद हो गया है।
मतदान के बाद प्रत्याशी और उनके समर्थक वोटों गणित लगाने में लग गए हैं। देर शाम को कड़ी सुरक्षा के बीच ईवीएम शहर के जनता रोड स्थित सेंट्रल वेयर हाउस के स्ट्रांग रूम में रखवाई गई। अब 10 मार्च को आने वाले परिणाम पर सभी की निगाहें है।
जिले में सोमवार को दूसरे चरण का मतदान हुआ। इसके लिए 1308 मतदान केंद्र और 2957 बूथों पर मतदान कराया गया। सुबह सात बजे से मतदान शुरू हुआ, जो शाम छह बजे तक चला। हालांकि नकुड़ सीट के कई बूथों पर शाम सात बजे तक मतदान हुआ। सुबह मतदान से पहले 85 बैलेट यूनिट नहीं चलीं।
जिनके स्थान पर दूसरी यूनिट लगाई गई। मतदान के दौरान भी जनपद में 48 बूथों पर ईवीएम खराब हो गई, जिस कारण मतदान बाधित रहा। इन बूथों पर ईवीएम तुरंत बदलवा कर मतदान शुरू कराया गया। सुबह और शाम को मतदान तेज गति से चला, जबकि दोपहर में कम मतदान हुआ। डीएम अखिलेश सिंह ने बताया कि जनपद में मतदान शांतिपूर्वक संपन्न हुआ है।

