बिजनौर में शादी से दस दिन पहले युवती की गोली मारकर हत्या

bijnore crime news

बिजनौर। एक तरफा प्यार में सिर​फिरे युवक ने युवती की गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या की वारदात को आरोपी ने उस वक्त अंजाम दिया, जब युवती अपने पिता और बहन के साथ शादी की तैयारियों के ​लिए बाजार से सामान खरीदने जा रही थी। दरअसल आरोपी युवक पिछले तीन सालों से युवती पर शादी और प्यार कबूलने का दबाव बना रहा था। आरोप ने थाने पहुंचकर खुद ही सरेंडर कर दिया।

गांव करौंदा चौधर निवासी वेद प्रकाश शर्मा अपनी बेटी भावना उर्फ नीशू(25 वर्ष)और छोटी बेटी आकांक्षा के साथ मोटरसाइकिल से सामान खरीदने नगीना के बाजार जाने के लिए घर से निकले। ग्राम हीमपुर मानक उर्फ बढ़ापुर के पास पहुंचे तभी वहां पहले से घात लगाए बैठे ग्राम करौंदा चौधर के ही शिवांक त्यागी पुत्र सुनील त्यागी ने भावना को गोली मार दी। गोली लगते के साथ ही भावना गिर पड़ी। पिता वेद प्रकाश शर्मा तथा बहन आकांक्षा ने उसे संभाला। वेद प्रकाश घायल अवस्था में भावना को कंधे पर डालकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोतवाली देहात ले आए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मौके पर पुलिस पहुंची। गोली मारने के बाद युवक फरार हो गया। बाद में युवक खुद ही थाने में पहुंचा और पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। काफी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े। चर्चा यह थी कि युवक और युवती दोनों बचपन से साथ ही पढ़ते थे। ​शिवांक उससे प्यार करने लगा था, हालांकि मृतका प्यार करती थी या नहीं, यह साफ नहीं हो पाया। मगर अब भावना की शादी तय हो गई थी।

एक मई को भावना की बरात नूरपुर से आनी थी। इसी के चलते शिवांक ने घटना को अंजाम दिया है। भावना के पिता वेद प्रकाश शर्मा नगीना मुंसफी में अधिवक्ता है। बताया जा रहा है कि पुलिस ने हत्या आरोपी शिवांक को किसी दूसरे थाने में भेज दिया है। हत्यारोपी शिवांक तथा मृतका भावना के घर पर भारी मात्रा में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

advertisement at ghamasaana