आप ने क्रिकेटर हरभजन सिंह को राज्यसभा का उम्मीदवार बनाया, चार और नामों की घोषणा

harbhajan singh

नई दिल्ली। पंजाब से राज्यसभा के लिए सोमवार को आम आदमी पार्टी ने पांचों नामों का एलान कर दिया है। इनमें दो नाम बेहद चौंकाने वाले हैं, जिन पर कभी चर्चा भी नहीं की गई थी। आप ने क्रिकेटर हरभजन सिंह, पंजाब के आप सह प्रभारी राघव चड्ढा और आईआईटी दिल्ली के प्रोफेसर संदीप पाठक के नाम घोषित किए गए हैं।

इसके अलावा सूची में दो और नाम शामिल किए गए हैं, जिन पर सभी को आश्चर्य हो रहा है। इनमें लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के चांसलर अशोक मित्तल और कृष्णा प्राण ब्रेस्ट कैंसर केयर चैरिटेबल ट्रस्ट के संस्थापक संजीव अरोड़ा के नाम शामिल है।

क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद से हरभजन सिंह के राजनीति में आने की चर्चाएं तेज थीं। माना जा रहा है कि हरभजन सिंह को पंजाब में एक खेल विश्वविद्यालय का प्रमुख बनाया जा सकता है। वहीं संदीप पाठक लंदन से स्नातक हैं और पंजाब जीत में उनकी बड़ी भूमिका थी। रविवार को नवनिर्वाचित विधायकों से बातचीत के दौरान भी अरविंद केजरीवाल ने पाठक की तारीफ की थी।

वहीं 33 साल के राघव चड्ढा सबसे युवा राज्यसभा सदस्य बन सकते हैं। पंजाब में मिली ऐतिहासिक जीत में उनका बड़ा योगदान था। राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल करने पहुंचे राघव चड्ढा ने कहा कि इतनी कम उम्र में मुझे नॉमिनेट करने के लिए मैं दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल और पंजाब के सीएम भगवंत मान को धन्यवाद देना चाहता हूं। मैं पंजाब के लोगों का मुद्दा उठाऊंगा और संसद में उनके हितों की रक्षा करूंगा।

पंजाब में राज्यसभा सांसद कांग्रेस के प्रताप सिंह बाजवा और शमशेर सिंह दूलो, अकाली दल के सुखदेव सिंह ढींडसा और नरेश गुजराल के अलावा भाजपा के श्वेत मलिक का कार्यकाल खत्म हो रहा है। पंजाब के विधानसभा चुनाव में आप ने 117 में से 92 सीटों पर विजय हासिल की है। इस कारण से राज्यसभा की खाली हो रहीं पांच सीटों पर आप के प्रत्याशियों की जीत होनी तय है।

advertisement at ghamasaana