मुजफ्फरनगर। सिसौली के किसान भवन में आयोजित मासिक पंचायत में भाकियू के प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत ने कहा कि सरकार के आदमी पंद्रह हजार वोट अपनी जेब में लेकर जाएंगे, बाकियों की गिनती जीरो से शुरू होगी। किसानों को अपनी लाठी आरएसएस वालों की लाठी से चार अंगुल ऊंची करनी पड़ेगी। वहीं, भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत ने संगठन की मजबूती पर बल दिया। उन्होंने कहा कि संगठन मजबूत होगा, तो किसान मजबूत होंगे।
किसान भवन पर आयोजित पंचायत में राकेश टिकैत ने आपसी मतभेद भुलाकर सामाजिक बुराइयों को दूर करने की अपील की। उन्होंने सरकार पर वादे पूरे न करने का आरोप लगाया। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने जल के दुरुपयोग पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने संगठन के विस्तार पर बल देते हुए कहा कि गांव में किसान से ज्यादा सदस्य बनाएं। सरकार संगठन को कमजोर करना चाहती है। बिजली अमेंडमेंट बिल में छोटे पशु पालक किसान को व्यवसायिक विद्युत कनेक्शन लेना होगा, जिस पर बातचीत होनी चाहिए थी जो नहीं की। सरकार बाहर से डेरी प्रोडक्ट ला रही है। गांव का छोटा किसान और महिलाएं दूध बेचने का काम करते हैं, जिसे सरकार समाप्त करना चाहती हैं।
वहीं विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि 17 दिन का समय बचा है, कान दबाकर काम कर लो। साधारण मामलों में 14 दिन की जेल हो जाती है। 17 दिन काम चला लो। हमारा संगठन गैर राजनीतिक है। वोट से हमारा कोई वास्ता नहीं। यह समय बताएगा कौन बनेगा कौन नहीं। 10 मार्च को कोको का पता लग जाएगा। बुजुर्ग सब जानते हैं, कोको बुजुर्गों की जेब में थी।
पंचायत में धीरज लाटियान, नवीन राठी, जिला अध्यक्ष योगेश शर्मा, पवन खटाना, डॉक्टर नैन सिंह, इंद्रपाल सिंह, शोकेंद्र सिंह, गौरव टिकैत, कपिल खटाना, विकास शर्मा, मांगेराम त्यागी, कुशल वीर सिंह, अभिजीत, फूल सिंह मौजूद रहे। अध्यक्षता ठाकुर जगत सिंह और संचालन ओमपाल मलिक ने किया।

