बिजनौर में बड़ी वारदात, एक परिवार के तीन लोगों की बेरहमी से हत्या

Big incident in Bijnor

बिजनौर। घर में सो रहे कबाड़ी की पत्नी और बेटे समेत हत्या कर दी गई। रविवार की सुबह कबाड़ी दंपत्ति और उनके बेटे का लहूलुहान शव घर में पड़े मिले। पुलिस आपसी रंजीश समेत अन्य पहलुओं पर भी जांच में जुटी है। फिलहाल चार संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया गया है। जिनसे पूछताछ की जा रही है। उधर डीआईजी ने भी मौके पर पहुंचकर मुआयना किया और जानकारी ली।

बिजनौर शहर के मोहल्ला मिर्दगान की खलीफा कॉलोनी में रविवार की सुबह मंसूर उर्फ भूरा 55 पुत्र महबूब, जुबेदा 53 पत्नी मंसूर और याकूब 20 वर्ष पुत्र मंसूर के शव रक्त रंजित हालत में घर में ही पड़े मिले। रात में किसी वक्त घर के बरामदे में सो रहे दंपति की हत्या पेचकस घोकर की गई। जबकि कमरे में सो रहे उनके बेटे याकूब को भी हत्यारे ने मौत की नींद सुला दिया।

रविवार की सुबह वारदात का पता उस वक्त चला जब मंसूर की मां हसीना अपने बेटे के घर पहुंची तो दरवाजा बंद था। हसीना ने अपने बेटे मंसूर, पुत्रवधू और पौत्र याकूब के शव बरामदे में बाहर से ही पड़ा देखा। इसके बाद उसने अपने रिश्तेदारों और परिजनों को सूचना दी।

सूचना मिलते ही एसपी अभिषेक झा, एसपी सिटी संजीव बाजपेई, सीओ सिटी संग्राम सिंह, सीओ चांदपुर राजेश सिंह शहर कोतवाल उदय प्रताप मौके पर पहुंचे।
इस ट्रिपल मर्डर को लेकर पुलिस में भी हड़कंप मच गया। करीब 12.30 बजे डीआईजी मुनिराज जी भी मौके पर पहुंचे और जानकारी ली। बताया गया कि मंसूर उर्फ भूरा कबाड्डी का काम करता था। जबकि उसका बेटा याकूब राज मिस्त्री के पास मकान निर्माण आदि में मजदूरी करता था। मृतक दंपति के पांच बेटे और एक बेटी है। मृतक दंपति का बड़ा बेटा चंद शादीशुदा है जो कहीं बाहर रहता है।

दूसरा बेटा जहूर है जो शहर कोतवाली का हिस्ट्री सीटर भी है। तीसरा बेटा मतलूब जेल में बंद है। जो कि करीब डेढ़ साल पहले शराब की दुकान पर हुई एक शराबी की हत्या में जेल गया था, जबकि चौथे बेटे याकूब की हत्या हो गई है। पांचवां बेटा तस्लीम अपनी बहन की ससुराल नजीबाबाद गया हुआ था। मामले में पुलिस ने चार संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया है जिनसे पूछताछ की जा रही है।

advertisement at ghamasaana