गांव में लड़के कर रहे थे नशे का धंधा, पुलिस की नारकोटिक्स सेल ने पकड़ा स्मैक और चरस का जखीरा

narcotics

हरिद्वार। नारकोटिक्स सेल ने पथरी थाने की पुलिस को साथ गाड़ोवाली गांव में छापा मार कर नशे का जखीरा बरामद किया है। मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर 32 ग्राम स्मैक, आधा किलो चरस और 88 हजार रुपये नगद बरामद किए हैं। पता चला है कि इस गांव से तस्कर आसपास के क्षेत्र में गांजा और चरस बेचते थे।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. योगेंद्र सिंह रावत ने नशा तस्करों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। जिस पर नारकोटिक्स सेल प्रभारी मनोज कुमार मेनवाल ने नशे का धंधा करने वालों की धरपकड़ के लिए मुखबिरों का जाल बिछाया।

मुखबिर से सूचना मिलने के बाद इंस्पेक्टर मनोज मेनवाल ने अपनी टीम और पथरी पुलिस के साथ मिलकर बुधवार की रात गाड़ोवाली गांव में छापा मारा। दो तस्कर पुलिस के हत्थे चढ़ गए। उनसे स्मैक और अच्छी खासी मात्रा में चरस बरामद हुई है। साथ ही चरस और स्मैक बेचकर जुटाई गई 88 हजार की नकदी भी मिली है।

आरोपियों ने अपने नाम गुलजार व अफजाल निवासी गावाली पथरी बताए। थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्हें कोर्ट में पेश किया जा रहा है। नारकोटिक्स सेल के प्रभारी इंस्पेक्टर मनोज मेनवाल का कहना है कि समाज को नशा मुक्त करने में आमजन को भी पुलिस का सहयोग करना चाहिए। उन्होंने बताया कि नशे के धंधे बाज किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएंगे। एसएसपी ने पुलिस टीम को अभियान जारी रखने के निर्देश दिए हैं।

advertisement at ghamasaana