नई दिल्ली। कुश्ती संघ का विवाद और फोगाट के कांग्रेस में शामिल होने के बाद बृजभूषण ने उन पर खुलकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि विनेश को बेइमानी से जिता कर ओलंपिक में भेजा गया था। जिसका फल उन्हें भगवान ने दिया। उन्होंने इस सबके पीछे खुले तौर पर कांग्रेस का हाथ बताया है।
बृजभूषण सिंह ने कहा कि कुश्ती का नियम है, विनेश ने एक दिन में दो वेट कैटेगरी में ट्रायल दिया। वजन लेने के बाद पांच घंटे तक कुश्ती को रुकवाए रखा। पहली कुश्ती 53 किलोग्राम वर्ग में 10.0 से हार गईं, फिर 50 किलोग्राम में कुश्ती लड़ी। उस समय 5.0 स्कोर था। शिवानी पंवार कुश्ती जीत रही थी। इसके बाद हंगामा खड़ा किया गया। रेलवे के रेफरी ने बेईमानी करके विनेश को जिता दिया।
बृजभूषण सिंह ने आगे कहा कि मेरे ऊपर जो आरोप लगे हैं फिलहाल उसकी जांच चल रही है, लेकिन मैं शुरू से ही कह रहा हूं कि मेरे ऊपर लगे आरोप झूठे हैं। इन पहलवानों ने मेरे ऊपर जो भी आरोप लगाए हैं वो कांग्रेस द्वारा प्रायोजित हैं। भूपेंद्र हुड्डा और दीपेंद्र हुड्डा इसके पीछे हैं। जब अदालत का इस मामले में फैसला आएगा तो और चीजें भी निकलकर सामने आ जाएंगी। विनेश के खिलाफ चुनाव प्रचार करने के सवाल पर बृजभूषण सिंह ने कहा कि अगर भारतीय जनता पार्टी कहेगी तो मैं विनेश के खिलाफ प्रचार जरूर करूंगा।
उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी में नेताओं का आकाल नहीं है। हमारी पार्टी में बहुत बड़े बड़े नेता हैं, लेकिन अगर मुझे कहा जाएगा तो मैं जरूर जाऊंगा। कांग्रेस जैसी पार्टी लड़कियों का सहारा लेकर राजनीति कर रही है, मैंने किसी लड़की का अपमान नहीं किया है। लड़कियों का अपमान कांग्रेस ने किया है। विनेश फोगाट को हरियाणा विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने मैदान में उतारा है। उन्हें कांग्रेस ने जुलाना से टिकट दिया है। विनेश फोगाट ने बजरंग पूनिया के साथ ही शुक्रवार को औपचारिक तौर पर कांग्रेस में शामिल हुई थीं। इसके बाद ही कांग्रेस ने उन्हें अपना उम्मीदवार घोषित किया है।

