Bagpat news : शाकुंभरी मां के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालु को गोली मारकर पचास हजार रुपये लूटे

bagpat_ghamasaana news

बागपत/खेकड़ा। बड़ागांव के समीप पूर्वी यमुना नहर पर शाकुंभरी से पत्नी व बेटे के सा‌थ वापस लौट रहे श्रद्धालु के पेट में गोली मारकर तीन बदमाशों ने पचास हजार रुपये लूट लिये। जिसकी सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल का सीएचसी में उपचार कराया, जहां उसकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। उधर पुलिस मामले की जांच में जुट गई।

गाजियाबाद जनपद के गांव मथुरापुर निवासी बबलू पुत्र संतराम अपनी पत्नी विनीता व बेटे देव के सा‌थ मंगलवार शाम सहारनपुर के शाकुंभरी मंदिर में दर्शन कर वापस लौट रहा था। विनीता ने बताया कि वे पूर्वी यमुना नहर के रास्ते से वापस लौट रहे थे। जैसे ही वे बड़ागांव मार्ग के पास पहुंचे तो वहां उसके पति लघुशंका के लिए रुक गए। बताया कि तभी बाइक सवार तीन बदमाश वहां आ गए और उन्होंने उसके पति बबलू की कनपटी पर तमंचा तान दिया और जेब से नकदी निकालने लगे।

जिसका विरोध करने पर उसके पति के पेट में गोली मार दी और पचास हजार रुपये लूटकर भाग गए। उधर सूचना मिलने पर खेकड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और घायल बबलू को सीएचसी में भर्ती कराया। पुलिस ने घायल की पत्नी से जानकारी लेने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी। उधर सीओ विजय चौधरी का कहना है कि घटना संदिग्ध नजर आ रही है। घायल बबलू का जिला अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है। पुलिस की कई टीमे लगाई गई है, जल्द ही खुलासा कर दिया जाएगा।

advertisement at ghamasaana