सहारनपुर। sahanranpur news ऑनलाइन शॉपिंग के जमाने में लोग कई बार फ्रॉड के शिकार हो जाते हैं। कई बार ऐसा होता है कि जो चीज ऑर्डर करते हैं, डिलीवर हुए पैकेज में वो नहीं मिलती है। उसकी जगह कुछ और ही निकल जाता है।
ऐसी ही एक घटना बुधवार दोपहर कस्बा बड़गांव में देखने को मिली है। यहां एक दुकानदार ने ऑनलाइन फिलिप कार्ट द्वारा किसी कंपनी में ड्रोन का ऑर्डर किया था। जब उसने डिलीवरी मैन से पार्सल खुलवाया तो उसमें से ड्रोन के बजाय जींस की एक पुरानी पैंट निकली। यह देखकर दुकानदार दंग रह गया। हंगामा होता देख आसपास के दुकानदार भी मौके पर एकत्र हो गए फिर डिलीवरी मैन ने मौके से ही कंपनी में फोन कर उक्त ऑर्डर कैंसिल कराते हुए मामले को शांत कराया।
घटनाक्रम के मुताबिक कस्बा निवासी युवक राजू ने ऑनलाइन फिलिप कार्ट ड्रोन का ऑर्डर किया था। बुधवार को जब डिलीवरी मैन पार्सल लेकर कस्बे में दुकानदार के पास आया तो पार्सल को देखते ही उसे कुछ अजीब लगा। फिर उसने डिलीवरी मैन से ही पार्सल को खुलवाया। डिलीवरी मैन ने पार्सल खोला तो उसमें से ड्रोन की बजाय जींस की एक पुरानी पैंट निकली।
यह पार्सल ई.कॉम कुरियर कंपनी नानौता की ओर से डिलीवर किया गया। डिलीवरी मैन का नाम रवि बताया गया है। हंगामा बढ़ा तो डिलीवरी मैन युवक ने ग्राहक का यह ऑर्डर मौके से ही कंपनी को फोन करके कैंसिल कराया और देर शाम तक खाते में पैसा वापस लौटने का आश्वासन देकर मामले को किसी तरह शांत कराते हुए राहत की सांस ली। इसके बाद ही दुकानदारों ने डिलीवरी मैन को कस्बे से वापस जाने दिया।

