गोंडा। मनकापुर कोतवाली क्षेत्र के दतौली गांव के समीप स्थित बिसुही नदी के किनारे एक बुजुर्ग का शव पड़ा मिला। बुजुर्ग पिछले दो दिन से लापता था। नदी के किनारे शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कराई तो बुजुर्ग की पहचान इसी कोतवाली क्षेत्र ज्ञानीपुर रामप्रसाद के ग्राम प्रधान के चाचा के रूप में हुई। पुलिस ने शव के कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और आगे की विधिक कार्रवाई में जुट गई है।
मनकापुर कोतवाली क्षेत्र के ज्ञानीपुर रामप्रसाद गांव के ग्राम प्रधान विजय धर द्विवेदी ने बताया कि उनके चाचा लालधर द्विवेदी 68 बीते तीन साल से मानसिक रुप से बीमार चल रहे थे। दो दिन पहले वह घर से लापता हो गए थे। परिजन उनकी तलाश में जुटे थे लेकिन कहीं पता नहीं चल सका था।
जब बिसुही नदी के किनारे शव मिलने की सूचना मिली तो वह मौके पर पहुंचे और शव की पहचान अपने चाचा लालधर द्विवेदी के रूप में की। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार राय ने बताया कि शव की शिनाख्त होने के बाद पुलिस ने पंचनामा कराकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

