गाजियाबाद। लोनी में शराब की लत के एक और उजड़ गया। टीला शाहबाजपुर गांव में बृहस्पतिवार सुबह घरेलू विवाद के कारण आरोपी सतवीर जाटव ने बड़ी बेटी आशी (11) और प्रियांशी (6) की गर्दन पर चाकू से वार कर घायल कर दिया। पत्नी ज्योति दोनों बेटियों को लेकर मायके से माता पूजन के लिए सुबह ही पहुंची थीं। मारपीट के दौरान वह आरोपी के चंगुल से छूटकर सेवाधाम चौकी पहुंची और पुलिस को सूचना दी। उधर, घायल अवस्था में आशी के शोर मचाने पर लोगों ने आरोपी को घर के पास दबोच लिया। पुलिस ने घायलों को दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर चाकू बरामद कर लिया है।
जाटव मोहल्ला निवासी सतवीर प्लंबर है। आरोप है कि शादी के बाद से वह ज्योति से मारपीट करने लगा था। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देता था। शराब की लत लगने के बाद उसने काम करना छोड़ दिया था। ज्योति ने एक फैक्टरी में काम कर बेटियों को पालना शुरू कर दिया। आशी तीसरी कक्षा और प्रियांशी पहली कक्षा में पढ़ाई करती है।
ज्योति के मुताबिक, आरोपी शराब पीने के लिए रोजाना पैसे मांगता था और न देने पर कमरे में बंद कर पीटता था। तीन माह पूर्व वह दोनों बेटियों को लेकर विजयनगर में मायके चली गईं। बृहस्पतिवार को माता-पूजन के लिए वह जब ससुराल पहुंचीं तो वहां आरोपी ने कहासुनी कर झगड़ा शुरू कर दिया। विवाद बढ़ने पर वह ज्योति को कमरे में ले गया और उनसे जमकर मारपीट की। इस बीच वह आरोपी के चंगुल से छूटकर सेवाधाम चौकी जा रही थी। तभी मौका पाकर आरोपी सतवीर ने बेटी आशी और प्रियांशी की गर्दन को चाकू से काट दिया।
लहूलुहान अवस्था में दोनों बच्चियों की चीख निकल पड़ी। इसके बाद आरोपी उन्हें दूसरी जगह ले जाने का प्रयास करने लगा। इस बीच पीड़िता ज्योति ने चौकी पर पुलिस को घटना की सूचना दी। चौकी प्रभारी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और दोनों घायल बेटियों को दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया, वहां डॉक्टरों ने इलाज के बाद दोनों को छुट्टी दे दी।

