अलीगढ़ शराब कांड : जेल में बंद पूर्व ब्लाक प्रमुख रेणु शर्मा की मौत

लखनऊ। अलीगढ़ शराब कांड मामले में जेल में बंद पूर्व ब्लाक प्रमुख रेणु शर्मा की शुक्रवार देर रात मौत हो गई। वह अलीगढ़ की जिला कारागार में बंदी थी। शुक्रवार देर रात एक बजे उसकी हालत बिगड़ गई। इसके बाद जेएन मेडिकल कालेज लाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।सूचना पर पहुंचे परिजनों ने मेडिकल कॉलेज में हंगामा शुरू कर दिया। जेल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया।

सीओ श्वेताभ पांडेय पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे। उनको किसी तरह शांत कराया।शराब कांड में नाम आने के बाद पूर्व ब्लाक प्रमुख रेणु शर्मा 29 मई 2021 से जिला कारागार में बंद हैं। 15 दिन पहले अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई थी, जिसके बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। गुरुवार को उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया था, जिसके बाद वह दोबारा जेल पहुंच गई थीं। लेकिन, शुक्रवार को उनकी हालत फिर बिगड़ गई।

इस साल मई माह में अलीगढ़ में हुए शराब कांड में जहरीली शराब पीने से 100 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई थी। इसमें मुख्य आरोपियों में ऋषि शर्मा भी शामिल है। इसके बाद पुलिस ने ऋषि शर्मा को शराब माफिया घोषित कर गैंगस्टर समेत कई धाराओं में मुकदमा किया था। पूर्व ब्लाक प्रमुख रेणु शर्मा शराब माफिया ऋषि की पत्नी थी। दोनों पति-पत्नी एक साथ जिला कारागार में ही बंद थे। लेकिन, इलाज के लिए रेणु को मेडिकल कालेज लाया गया था।

पुलिस के अनुसार, हाईकोर्ट से रेणु शर्मा की जमानत मंजूर हो गई थी। बीमारी का हवाला देते हुए उनके अधिवक्ता ने जमानत की अर्जी न्यायालय में दी थी। जिसमें यह दलील दी गई थी कि रेणु निर्दोष हैं और उन्हें फंसाया गया है। उनका नाम प्राथमिकी में दर्ज नहीं है, बल्कि सह आरोपी कपिल के बयान के आधार पर उनका नाम जोड़ा गया है। घटना में उनकी सीधी भूमिका नहीं है।

advertisement at ghamasaana