कांग्रेस को झटका, पूर्व गृह राज्यमंत्री सईदुज्जमां के बेटे सलमान बसपा में शामिल

मुज़फ्फरनगर।जिले में कांग्रेस को फिर से एक बड़ा झटका लग गया है। पूर्व गृह राज्यमंत्री सईदुज्जमां के बेटे सलमान सईद नेे बसपा का दामन थाम लिया है। पश्चिमी यूपी में लगातार हो रहे बदलाव से सियासी समीकरण भी बदल जाएंगे।

पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सबसे पुराने कांग्रेस नेताओं में शुमार पूर्व मंत्री सईदुज्जमां के बेटे सलमान सईद बसपा में शामिल हो गए हैं। चरथावल विधानसभा सीट से सईद को प्रत्याशी बनाया गया है। 2016 के उपचुनाव में वह कांग्रेस के टिकट पर सदर सीट से चुनाव लड़ चुके हैं। इस चुनाव में सलमान को दस हजार वोट मिली थी। सलमान के दादा सईद मुर्तजा बीकेडी के टिकट पर 1969 में विधायक और 1977 में सांसद रहे। पिता सईदुज्जमां 1985 में मोरना से विधायक और 1999 में मुजफ्फरनगर से सांसद रहे हैं। अपने सांसद कार्यकाल में सईदुज्जमां केंद्रीय गृह राज्यमंत्री रह चुके है।

पश्चिम उत्तर प्रदेश की सियासत में जिले से कांग्रेस को दूसरा बड़ा झटका लगा है। पिछले दिनों पूर्व राज्यसभा सदस्य हरेंद्र मलिक ने अपने पूर्व विधायक पुत्र के साथ कांग्रेस को गुडबाय कह दिया था। उन्होंने समाजवादी पार्टी का दामन थामा था। पड़ोसी जिले सहारनपुर से भी पूर्व विधायक इमरान मसूद और कांग्रेस के दोनों विधायक कांग्रेस छोड़ चुके हैं।

advertisement at ghamasaana