हरिद्वार। मंगलौर में पति के साथ जा रही एक फिलीपींस की महिला पर चार युवकों ने अश्लील टिप्पणी कर दी। महिला के विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ धक्का मुक्की भी की। धक्का मुक्की में विदेशी महिला का मोबाइल भी टूट गया। पीड़िता ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्यवाही की मांग की है। पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की छानबीन कर रही है।
जानकारी के अनुसार फिलीपींस निवासी एक महिला ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसने भारतीय मूल के एक युवक के साथ कुछ समय पहले शादी की थी। शादी के बाद दंपत्ति बहरीन में कार्य करते हैं। पति पत्नी वर्तमान में दिल्ली रोड स्थित एक मकान में रह रहे हैं। विदेशी महिला का आरोप है कि शुक्रवार की शाम को वह अपने पति के साथ किसी कार्य से घर से बाहर जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में ही चार युवकों ने उस पर अश्लील टिप्पणी करनी शुरू कर दी। इसी दौरान महिला की ननंद भी मौके पर आ गई और तीनों ने आरोपियों का विरोध किया था।
उन्होंने विदेशी महिला समेत तीनों के साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी। इसी दौरान फिलीपींस की महिला का मोबाइल भी टूट गया। मौके पर पहुंचे आसपास के लोगों ने विदेशी महिला, उसके पति तथा ननद को बचाया। आरोपियों ने पीड़िता के साथ गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़िता ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को दो नामजद व दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है। कोतवाली प्रभारी राजीव रौथाण ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की छानबीन की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

