लक्ष्मणझूला पुल बंद, पर्यटकों को लगाना पड़ रहा 10 किमी का फेरा

Laxmanjhula bridge

ऋषिकेश। टिहरी प्रशासन के आदेश पर लोनिवि नरेंद्रनगर ने लक्ष्मणझूला पुल को पर्यटकों के आवागमन के लिए अनिश्चितकालीन के ल‌िए बंद कर दिया गया है। पुल पर आवाजाही बंद होने से पर्यटकों को 10 किलोमीटर की अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। पुल पर आवाजाही पूरी तरह से बंद है। ऐसे में पर्यटक दूर से लक्ष्मणझूला पुल की फोटो खींचकर मायूस वापस लौट रहे हैं।

चार दिनों से ऋषिकेश में पर्यटकों की जबरदस्त भीड़ उमड़ रही है। इसके चलते लक्ष्मणझूला पुल पर पर्यटकों का दबाव बढ़ रहा था। भीड़ के चलते पुल पर जाम जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई थी। पर्यटकों के दबाव के कारण पुल को नुकसान होने की आशंका के मद्देनजर लोनिवि नरेंद्रनगर ने शनिवार जिलाधिकारी को पत्र भेजा था। जिसमें पुल पर संक्रेदित दबाव होने के चलते जनहानि की आशंका जताई थी।

इसके बाद जिलाधिकारी इवा आशीष श्रीवास्तव ने तुरंत निर्णय लेते हुए शनिवार रात को ही लक्ष्मणझूला पुल को अनिश्चितकालीन के लिए बंद करने के आदेश जारी कर दिए। पुल पर आवागमन बंद होने के बाद रविवार को दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, यूपी से आए पर्यटक लक्ष्मणझूला पुल पर आवागमन को बंद देख मायूस हो गए। कई पर्यटक पुल के पास ही फोटो खींचकर चलते बनें।

10 किलोमीटर का तय किया सफर
. लक्ष्मणझूला पुल पर पर्यटकों का आवागमन बंद होने के चलते दिल्लीए हरियाणाए पंजाबए राजस्थानए यूपी आए पर्यटकों को लक्ष्मणझूलाए स्वर्गाश्रम क्षेत्र जाने के लिए तपोवन स्थित लक्ष्मण चौक से गरुड़चट्टी पुल होते हुए लक्ष्मणझूला स्वर्गाश्रम जाना पड़ा।
इस दौरान उन्हें करीब 10 किलोमीटर की अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ी।

रामझूला पुल पर बढ़ा दबाव
. शनिवार रात पर्यटकों और आम नागरिकों के लिए लक्ष्मणझूला पुल बंद करने से रविवार को रामझूला पुल पर दबाव बढ़ गया है। कई पर्यटक लक्ष्मणझूला पुल बंद होने की सूचना के बाद अपने वाहन रामझूला पार्किंग में खड़े कर रामझूला पुल से स्वर्गाश्रम पहुंचे। रामझूला पुल पर्यटकों से खचाखच भरा रहा। वहीं जानकी पुल पर भी दिनभर भीड़ रही।

टेंपुओं में खूब हुई ओवरलोडिंग
शहर जाम लगने के कारण रायवाला से रामझूला पहुंचने में कई घंटे गए। इस दौरान जाम बचने के लिए टेंपो चालकों ने अपने वाहन खड़े कर दिए ‌थे। जो विक्रम सड़क पर चल रहे थे, उनमें खूब ओवरलोडिंग हुई।

12 जुलाई 2019 को भी बंद हुई पुल पर आवाजाही
लक्ष्मणझूला पुल के कमजोर होने के कारण 12 जुलाई 2019 को शासनादेश जारी होने के बाद लोनिवि नरेंद्रनगर ने इस पुल पर बंद कर दिया था। करीब 1829 में बने इस झूला पुल को आईआईटी के वैज्ञानिकों ने आवाजाही के लिए खतरनाक बताया था। तब करीब 10 दिन तक पुल पर आवाजाही बंद की गई थी। स्थानीय व्यापारियों और लोगों के विरोध के बाद पुल के दोनों से केवल लोगों के आने जाने के लिए पुल को खोला गया था। दोपहिया वाहनों की आवाजाही बंद थी।

लक्ष्मण झूला पुल पर अत्य‌‌‌धिक जन दबाव पड़ने के कारण सुरक्षा के मद्देनजर जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल के आदेश पर पर्यटकों और आम लोगों की आवाजाही के लिए बंद कर दिया गया है। भविष्य में जिलाधिकारी के आदेश पर ही पुल आवागमन के लिए खोला जाएगा।
. मोहम्मद आरिफ खान, ईई, लोनिवि, नरेंद्रनगर

advertisement at ghamasaana