सहारनपुर। देवबंद कस्बे में शनिवार सुबह करीब 6 बजे एक पटाखा फैक्ट्री में हुए जोरदार विस्फोट ने पूरे इलाके में अफरा-तफरी मचा दी। हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हुए हैं। विस्फोट के समय फैक्ट्री के अंदर कई मजदूर मौजूद थे।

धमाके की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी मनीष बंसल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहित प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची। तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। फैक्ट्री में आग लगने के कारण दमकल की कई गाड़ियाँ मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया।

मृतकों की पहचान
जिलाधिकारी मनीष बंसल ने तीन युवकों की मौत की पुष्टि की है। मृतकों में फतेहपुर गांव निवासी 24 वर्षीय राहुल उर्फ काका, गुनारसा गांव निवासी 25 वर्षीय विशाल और जड़ौदा जट निवासी 19 वर्षीय विकास शामिल हैं।

ग्रामीणों में रोष, हाईवे जाम
हादसे के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। स्थानीय ग्रामीणों ने हाईवे पर जाम लगा दिया और प्रशासन से घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की। ग्रामीणों ने सवाल उठाए कि हादसे में केवल हिंदू युवकों की ही मौत क्यों हुई, जबकि फैक्ट्री में कइ्र मुस्लिम युवक भी मौजूद थे। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं। जाम के कारण हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं।
जांच जारी
प्रशासन की ओर से फैक्ट्री में विस्फोट के कारणों की जांच की जा रही है। साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि फैक्ट्री का संचालन वैध था या नहीं।

