सहारनपुर। अंबेहटा के खेड़ा अफगान गांव में बुधवार रात को टेंट की एक दुकान में आग लग जाने से लाखों रुपये का नुक़सान हो गया है। फायर ब्रिगेड कर्मियों व ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
जाजवा गांव निवासी फुरकान ने खेड़ा अफगान में टेंट की दुकान कर रखी है। फुरकान ने बताया कि रोजमर्रा की भांति बुधवार को वह दुकान बंद करके घर चला गया। रात करीब एक बजे उसके पड़ोसी ने दुकान से धुआं निकलता देखा तो इसकी सूचना फुरकान को दी। फुरकान परिजनों व गांव के लोगों के साथ दुकान पर पहुंचा तथा सूचना पुलिस व फायर ब्रिगेड को दी। फुरकान ने बताया कि दुकान के भीतर भयंकर रूप से आग लगी हुई थी।
आग लगने की खबर लगते ही गांव के लोगों का तांता लग गया। ग्रामीणों व फायर ब्रिगेड कर्मियों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फुरकान ने बताया कि आग लगने से दुकान में रखा आठ से दस लाख रुपए का टेंट का सामान जलकर राख हो गया है। आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस का कहना है कि पीड़ित की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है।

