मेरठ। चौ. चरण सिंह विश्वविद्यालय में शुक्रवार को एमपीएड और एमएड चौथे सेमेस्टर की परीक्षा थी। राजेश पायलट स्पोर्ट्स बिल्डिंग में परीक्षा शुरू होने से 45 मिनट बाद ही एमपीएड का एक छात्र सीसीटीवी कैमरे में संदिग्ध दिखा। छात्र जेएसएम एकेडमी मवाना रोड का था।
अधिकारियों ने जांच की तो पता चला कि छात्र अपनी कलाई पर बंधी स्मार्ट वाच नकल कर रहा था। स्मार्ट वाच में चिप लगी थी, जिसमें संबंधित प्रश्न-पत्र से जुड़े 26 पेज सेव थे। सभी के प्रिंट निकाले गए। यूएफएम (अनफेयर मींस) के तहत इन्हें.छात्र की कापी के साथ सील करके विश्वविद्यालय में जमा करा दिया।
स्मार्ट वाच जब्त कर ली गई। रिपोर्ट देखने के बाद विवि कमेटी इस पर निर्णय लेगी। दरअसल, स्मार्ट वाच की मदद से मोबाइल कनेक्ट करके नकलची गूगल से सवालों के उत्तर खोज लेते हैं। इन उत्तरों को स्मार्ट वाच में सेव करके कापी में लिख देते हैं। इससे पिछले साल सहारनपुर हापुड़ और मुजफ्फरनगर में एमबीबीएस, बीएएमएस की परीक्षा में स्मार्ट वाच से नकल करते हुए 20 नकलची पकड़े गए थे।

