प्रशांत किशोर के एंट्री न करने पर यह बोलीं प्रियंका गांधी

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने शनिवार को राहुल गांधी के साथ यूपी का युवा घोषणा पत्र जारी कर दिया।

इस दौरान प्रियंका गांधी से जब यूपी में कांग्रेस की तरफ से सीएम उम्मीदवार के नाम को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने इशारों-इशारों में अपना नाम बताया। हालांकि इसके बाद प्रियंका गांधी ने सफाई दी कि उन्होंने चिढ़ की वजह से ऐसा कहा था, क्योंकि उनसे बार-बार ये सवाल पूछा जा रहा है। इस बीच अब प्रियंका गांधी ने इस बात का भी खुलासा किया है कि चुनाव रणनीतिकार प्रशांत किशोर कांग्रेस के साथ क्यों नहीं जुड़ पाए।

इस पर उन्होंने कहा, ‘मैं मानती हूं कि प्रशांत किशोर के कांग्रेस में शामिल होने की पूरी संभावना थी, लेकिन किन्हीं वजहों से ऐसा नहीं हो पाया। मुझे लगता है कि इसके पीछे कई वजहें थीं, कुछ उनकी तरफ से रहीं…और कुछ हमारी तरफ से। मैं इसपर ज्यादा गहराई में नहीं जाना चाहती। मौटे तौर पर कहा जाए तो कुछ मुद्दों पर असहमति थी, जिसकी वजह से ये चर्चा आगे नहीं बढ़ पाई। अगर उनके कांग्रेस में शामिल होने की संभावना नहीं होती, तो ये चर्चा इतनी आगे तक नहीं चल पाती।’

आपको बता दें कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बाद इस बात के कयास लगाए गए थे कि प्रशांत किशोर कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं। पिछले साल जब प्रशांत किशोर ने राहुल, प्रियंका और सोनिया गांधी से मुलाकात की और राहुल गांधी के घर पर उनकी तस्वीर सामने आई, तो इन कयासों को और बल मिला। हालांकि ये कयास सही साबित नहीं हो पाए और कांग्रेस में प्रशांत किशोर की एंट्री नहीं हुई।

advertisement at ghamasaana