सहारनपुर। उत्तराखंड के भगवानपुर की एक फैक्टरी में काम करने जा रहे दो चचेरे भाइयों की देहरादून रोड पर सड़क दूधली के पास सड़क हादसे में मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह तीनों एक ही बाइक सवार थे। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
थाना जनकपुरी क्षेत्र के रहने वाले नवीन कुमार, शुभम और हिमांशु तीनों आपस में चचेरे भाई हैं। बृहस्पतिवार सुबह तीनों भाई एक बाइक पर सवार होकर भगवानपुर स्थित फैक्टरी में काम करने के लिए जा रहे थे। तीनों स्काई मप प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में काम करते थे। जैसे ही वह देहरादून रोड पर सड़क दूधली के पास पहुंचे तो आगे चल रहे अज्ञात वाहन से बाइक टकरा गई।
इसमें नवीन कुमार व शुभम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि हिमांशु को गंभीर हालत में जिला अस्पताल लाया गया। हादसे के बाद लोगों की भीड़ लग गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजन भी अस्पताल में पहुंच गए। परिजनों ने बताया कि नवीन की छह साल पहले शादी हुई थी, जबकि उसके चचेरे भाई शुभम की 15 दिन पहले सगाई हुई थी। अप्रैल में उसकी शादी होनी थी

