दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर सात किमी लंबा जाम, यात्री घंटों फंसे

doon expressway

छुटमलपुर/सहारनपुर। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर शनिवार को लंबा जाम लग गया। एक्सप्रेसवे की एलिवेटेड रोड के पहाड़ी क्षेत्र में चल रहे स्थिरीकरण (स्टेबिलाइजेशन) कार्य के चलते करीब डेढ़ किलोमीटर हिस्से पर यातायात को डायवर्ट किया गया है। इसी के चलते सुबह से ही करीब 7 किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिससे हजारों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

जानकारी के अनुसार, एलिवेटेड रोड पर निर्माण कार्य के चलते वाहनों को वैकल्पिक मार्ग से निकाला जा रहा है। सामान्य दिनों में लगभग 20 मिनट में तय होने वाला यह रास्ता शनिवार को डेढ़ से दो घंटे में पार हो रहा है। जाम में फंसे लोगों को गर्मी और लंबी प्रतीक्षा के कारण काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

शनिवार को दूसरे शनिवार की सरकारी छुट्टी होने के कारण बड़ी संख्या में पर्यटक देहरादून और मसूरी की ओर रवाना हुए। सप्ताहांत के चलते दिल्ली, गाजियाबाद, नोएडा और आसपास के क्षेत्रों से आने वाले वाहनों की संख्या अचानक बढ़ गई। इसके अलावा देहरादून स्थित भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए) में आयोजित पासिंग आउट परेड में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आगमन के कारण शहर में विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। सुरक्षा कारणों से कई मार्गों पर यातायात डायवर्जन किया गया, जिसका सीधा असर दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर देखने को मिला।

यातायात दबाव बढ़ने से एक्सप्रेसवे के कई हिस्सों में वाहन रेंगते नजर आए। छुटमलपुर से लेकर एलिवेटेड रोड तक लंबी कतारों में वाहन फंसे रहे। कई यात्रियों ने सोशल मीडिया पर भी जाम को लेकर नाराजगी जाहिर की और प्रशासन से बेहतर ट्रैफिक प्रबंधन की मांग की।

स्थानीय प्रशासन और यातायात पुलिस की टीमें मौके पर तैनात हैं और यातायात को सुचारू बनाने का प्रयास कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि निर्माण कार्य पूरा होने तक यात्रियों को कुछ समय तक इस प्रकार की दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। लोगों से अपील की गई है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले ट्रैफिक अपडेट अवश्य जांच लें और अतिरिक्त समय लेकर सफर करें।

advertisement at ghamasaana