अभिनेता अभिमन्यु दासानी की सिनेमाघरों में रिलीज हुई दूसरी फिल्म निकम्मा का कलेक्शन पहले ही दिन आने वाले दिनों के संकट का इशारा कर गया है। साल की ये सातवीं हिंदी फिल्म है जिसका पहले दिन का कलेक्शन एक करोड़ रुपये से भी कम रहा है। फिल्म की निर्माण व प्रचार लागत देखते हुए इसे पहले दिन कम से कम दो करोड़ रुपये का कारोबार तो करना ही चाहिए था, लेकिन फिल्म अपने मेकर्स की उम्मीदों पर पहले दिन ही खरी नहीं उतरी।
फिल्म के निर्देशक साबिर खान के करियर की ये पहली ऐसी फिल्म है जिसका पहले दिन का कलेक्शन एक करोड़ रुपये से भी कम रहा। अंतरराष्ट्रीय फिल्म प्रोडक्शन कंपनी सोनी पिक्चर्स की ये फिल्म शुक्रवार करीब 1250 स्क्रीन्स पर रिलीज हुई।
जानकारी के मुताबिक करीब 15 करोड़ रुपये के बजट में बनी फिल्म निकम्मा के प्रचार प्रसार पर भी सोनी पिक्चर्स ने करीब पांच करोड़ रुपये खर्च किए हैं। फिल्म शुक्रवार को लगभग 1250 स्क्रीन्स पर रिलीज हुई है। फिल्म के निर्माण और प्रचार की लागत का 10 फीसदी कलेक्शन होने पर फिल्म निकम्मा की ओपनिंग ठीक ठाक मानी जा सकती थी, लेकिन फिल्म ने पहले दिन एक करोड़ रुपये का भी कारोबार नहीं किया। शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक फिल्म निकम्मा ने पूरे देश में रिलीज के पहले दिन सिर्फ 70 लाख रुपये का कारोबार किया है।
फिल्म निकम्मा का पहले दिन का कलेक्शन उम्मीद से काफी कम होने से इस फिल्म से बड़े परदे पर कमबैक कर रहीं अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के फिल्मी करियर पर फिर से ग्रहण लग गया है। फिल्म के हीरो अभिमन्यु दासानी के करियर के लिए भी ये शुभ संकेत नहीं है। इससे पहले की 2019 में रिलीज हुई फिल्म ष्मर्द को दर्द नहीं होता ने रिलीज के पहले दिन 20 लाख रुपये की ही कमाई की थी।
फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर तकरीबन दो करोड़ रुपये कमाए थे और फिल्म फ्लॉप रही थी। अभिमन्यु की नई फिल्म निकम्मा के प्रचार में उनकी मां भाग्यश्री की डेब्यू फिल्म के हीरो सलमान खान ने भी हाथ बंटाया था, लेकिन फिल्म ही इतनी खराब बनी है कि इसके पहले दिन के पहले शो तमाम सिनेमाघरों में खाली पड़े रहे।

