देहरादून। इंदिरा गांधी नेशनल फॉरेस्ट एकेडमी (आईजीएफआरआई) में मिड टर्म प्रशिक्षण के लिए बुलाए गए यूपी, बिहार, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र समेत कई राज्यों के छह अधिकारी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। आईएफएस अधिकारियों के कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद उन्हें एकेडमी के में ही क्वारंटाइन कर दिया गया है।
इंदिरा गांधी नेशनल फॉरेस्ट अकेडमी के अधिकारियों के मुताबिक विभिन्न राज्यों के 40 आईएफएस अधिकारियों को मिड टर्म ट्रेनिंग के लिए बुलाया गया था। इन अधिकारियों को पहले लखनऊ आईआईएम में मैनेजमेंट की ट्रेनिंग के बाद नई दिल्ली भेजा गया था।
नई दिल्ली में सभी अधिकारियों का कोरोना टेस्ट कराया गया तो छह अधिकारी कोरोना संक्रमित पाए गए लेकिन रिपोर्ट आने से पहले ही सभी अधिकारी देहरादून पहुंच गए। अधिकारियों के कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद एकेडमी अधिकारियों की ओर से तमाम एहतियाती कदम उठा लिए गए हैं। उल्लेखनीय है कि उत्तराखंड में कोरोना का सबसे पहला मामला इंदिरा गांधी नेशनल फॉरेस्ट अकैडमी के ही ट्रेनी आईएफ़एस अधिकारियों में पाया गया था। ट्रेनी आईएफएस अधिकारियों का दल स्पेन समेत कई यूरोपीय देशों के भ्रमण पर गया था ।
देहरादून जिले में दो क्षेत्र माइक्रो कन्टेनमेंट घोषित
देहरादून। जिलाधिकारी देहरादून डॉ. आर राजेश कुमार ने अवगत कराया है जनपद क्षेत्र अंतर्गत इंदिरा गांधी नेशनल एकेडमी ओल्ड हॉस्टल एफ.आर.आई. एवं जी-2 बी-19 तिब्बतन कालोनी डिक्लिन सहस्त्रधारा रोड कुल्हाल में कोरोना वायरस संक्रमित व्यक्ति चिन्हित होने के फलस्वरुप क्षेत्रों को कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है।
जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी सदर को उक्त क्षेत्रों में कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग एवं प्रभावी सर्विलांस कराने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य चिकित्सधिकारी को इन क्षेत्रों में सैंपलिंग कार्य कराते हुए इसकी नियमित मॉनिटरिंग कराने तथा जिला पूर्ति अधिकारी को उक्त क्षेत्रों में आवश्यक वस्तुओं एवं खाद्यान्न की आपूर्ति करने के निर्देश दिए। उन्होंने जनपदवासियों से मास्क का उपयोग तथा बाजारों एवं सार्वजनिक स्थानों पर सामाजिक दूरी का पालन करने का अनुरोध किया।

