देहरादून l एक और किशोरी लव जिहाद का शिकार हो गई। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले से लापता 17 साल की किशोरी का शव देहरादून में मिला है। आरोप है कि धर्मांतरण से इंकार करने पर सामूहिक दुष्कर्म के बाद गला दबाकर हत्या की गई है। एक ही परिवार के चार सदस्यों पर अपहरण और हत्या का आरोप लगा है। मामले 11 लोगों के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज है। पुलिस के अनुसार छह लोगों को हिरासत में लिया गया है।
लखीमपुर खीरी के पढुवा थाना पुलिस दून पहुंची थी। जांच पड़ताल के बाद यहां एक ही परिवार के चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। सख्ती से पूछताछ में बताया कि उन्होंने किशोरी का शव बिधोली के जंगल में फेंका है। किशोरी के पिता ने सामूहिक दुष्कर्म का आरोप भी लगाया है। आरोपी की निशानदेही पर शव बरामद किया गया है।
एसएससी अजय सिंह ने बताया कि इस मामले में लखीमपुर खीरी पुलिस ने आरोपी जिब्राइल, उसके पिता रज्जब, भाई जुबैर और शमशाद को गिरफ्तार किया है। आरोपी ग्राम गौरिया, थाना पढुवा, लखीमपुर खीरी के रहने वाले हैं। हाल में वह दून में मेहूंवाला में मदीना मस्जिद के पास रह रहे थे। बताया कि किशोरी 25 जनवरी को घर से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी।
बताया गया है कि अपहरण करके किशोरी को दून लाया गया था। थाना पढुवा में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। जांच पड़ताल के दौरान पुलिस को किशोरी के देहरादून में होने का पता चला था। जिसके बाद पुलिस दून पहुंची थी। दून पुलिस ने लखीमपुर खीरी पुलिस के साथ संयुक्त आपरेशन चलाते हुए शक के आधार पर आरोपी जिब्राइल, रज्जब, जुबैर और शमशाद को हिरासत में लेकर पूछताछ की थी। इसके बाद किशोरी का शव प्रेमनगर थाना क्षेत्र के गांव बिधौली के जंगल में मिला। डाक्टरों के पैनल ने शव का पोस्टमार्टम किया। इसके बाद किशोरी का शव परिजन ले गए।
पुलिस के अनुसार किशोरी के साथ पहले सामूहिक दुष्कर्म किया गया। उसके बाद हत्या कर शव को जंगल में फेंक दिया गया। छह आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। मृतका के पिता ने बताया कि 25 जनवरी शाम करीब पांच बजे उनकी 17 वर्षीय पुत्री लापता हुई थी। तलाश के बाद आरोपियों के बारे में पता चला तब उसके पिता ने थाने में 11 लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी। मामला दूसरे समुदाय का होने के कारण पुलिस हरकत में आई और सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से तलाश शुरू की। एक फुटेज में बाइक पर बैठी किशोरी और उसे ले जाने वाले की पहचान की गई।
उसके बाद पुलिस को नजीबाबाद तक बाइक की लोकेशन मिली। मृतका के पिता के अनुसार आरोपी युवक उनकी बेटी का धर्मांतरण कराना चाहते थे। बेटी ने मना किया था। इससे नाराज आरोपियों ने बेटी से पहले सामूहिक दुष्कर्म किया। उसके बाद उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। पढ़ुआ थाना इंचार्ज निराला तिवारी ने बताया कि मामले में आसिफ, सलमान, रज्जब, जुबेर समेत छह लोगों को हिरासत में लिया गया है।

