बस्ती। हाईस्कूल की परीक्षा देकर लौट रहे किशोरों की बाइक अनियंत्रित होकर एक दीवार से टकरा गई। जिससे बाइक चला रहे छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल मंे भर्ती कराया
गया है।
हर्रैया थाना क्षेत्र के जुड़ईपुर ग्राम निवासी गिरिजेश वर्मा 16 पुत्र रामतेज, इसी गांव के निवासी यादराम 17 पुत्र पृथ्वीपाल और पास के गांव नैपुरवा निवासी अजय पटेल 16 पुत्र घनश्याम के साथ सोमवार को लाल बहादुर शास्त्री इंटर कॉलेज मुसहा से हाईस्कूल की परीक्षा देकर लौट रहे थे। दोपहर करीब पौने एक बजे गांव से डेढ़ किलोमीटर पहले रेहरवा तिराहे के पास उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई व तीनों एक दीवार से जा टकराए।
मौके पर मौजूद लोग तत्काल उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कप्तानगंज ले गए, जहां गिरिजेश को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि अजय पटेल को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। यादराम को गंभीर चोट नहीं आई है। मृतक छात्र गिरिजेश अपने तीन भाइयों में सबसे छोटा था, लेकिन तेज़ दिमाग होने के चलते घर की अधिकांश जिम्मेदारियां वह ही निभाता था।

