बस्तीl जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के नकटीदेई में सड़क किनारे स्थित एक मकान में महिला का शव फांसी के फंदे से लटकता मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान पुष्पा देवी के रूप में हुई, जो मेडिकल स्टोर संचालित करती थीं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और मजिस्ट्रेट नायब तहसीलदार रवि कुमार मौके पर पहुंचे। फील्ड यूनिट की जांच के बाद पुलिस ने शव को नीचे उतारा और साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी मौत के कारणों की पुष्टि
सीओ कलवारी प्रदीप कुमार तिवारी ने बताया कि मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।
शादी के बाद चला रही थीं मेडिकल स्टोर
नकटीदेई निवासी राकेश की शादी 24 अप्रैल 2018 को गौर थाना क्षेत्र के टिनिच बाजार की पुष्पा देवी से हुई थी। शादी से पहले ही पुष्पा ने डी-फार्मा और फार्मेसी की पढ़ाई पूरी कर ली थी। शादी के बाद वह ‘लाइफ केयर फार्मेसी’ नाम से मेडिकल स्टोर चला रही थीं, जबकि उनके पति केयर इलेक्ट्रिक एंड इलेक्ट्रॉनिक नाम से दुकान संचालित करते हैं।
परिवार में मचा कोहराम
पुष्पा देवी और राकेश का दो साल का बेटा भी है। घर में सास-ससुर भी साथ रहते थे। अचानक हुई इस घटना से पूरा परिवार सदमे में है। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और जल्द ही मामले की सच्चाई सामने आने की उम्मीद है।

