नई दिल्ली। संसद परिसर में प्रदर्शन के दौरान धक्का-मुक्की में घायल बीजेपी सांसद प्रताप चंद्र सारंगी और मुकेश राजपूत की हालत स्थिर और सामान्य बनी हुई है। राम मनोहर लोहिया अस्पताल (आरएमएल) के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अजय शुक्ला ने बताया कि कल प्राप्त मेडिकल रिपोर्ट ठीक हैं, जबकि कुछ रिपोर्ट आज मिलनी बाकी हैं। उन्होंने यह भी कहा कि दोनों सांसदों की हालत बेहतर हो रही है। उनका रक्तचाप नियंत्रण में है, और वे फिलहाल आईसीयू में डॉक्टरों की निगरानी में हैं।
डॉ. अजय शुक्ला ने जानकारी दी कि दोनों सांसदों के सीटी स्कैन और एमआरआई की रिपोर्ट सामान्य आई हैं। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ डॉक्टरों से परामर्श के बाद यह निर्णय लिया जाएगा कि उन्हें आईसीयू से कब हटाया जाए।
गुरुवार को संसद परिसर में एनडीए और इंडिया ब्लॉक के सांसदों के विरोध प्रदर्शन के दौरान धक्का-मुक्की की घटना हुई, जिसमें दो भाजपा सांसद घायल हो गए। सांसद प्रताप चंद्र सारंगी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक अन्य सांसद को धक्का दिया, जिसके कारण वह गिर गए और घायल हो गए।
सारंगी ने कहा, “मैं सीढ़ियों के पास खड़ा था, तभी राहुल गांधी ने एक साथी सांसद को धक्का दिया। वह सांसद मुझ पर गिर गए, जिससे मैं भी गिर पड़ा और सिर पर चोट लग गई।” तुरंत ही उन्हें एंबुलेंस से राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया।
फिलहाल दोनों सांसद डॉक्टरों की निगरानी में हैं। डॉ. शुक्ला ने कहा कि उपचार सही तरीके से जारी है और दोनों सांसद जल्द ही सामान्य वार्ड में शिफ्ट किए जा सकते हैं।
इस घटना के बाद भाजपा और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए। भाजपा ने राहुल गांधी के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई, जिसके आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच कर रही है। दूसरी तरफ, कांग्रेस द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत पर अभी एफआईआर दर्ज नहीं हुई है।
घटना ने संसद के अंदर और बाहर राजनीतिक माहौल को गर्मा दिया है। फिलहाल पुलिस और प्रशासन मामले की जांच में जुटे हुए हैं। वहीं, घायल सांसदों की स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।

