सरकार ऐसे कराएगी बच्चों की पढ़ाई के नुकसान की भरपाई

देहरादून। अब स्कूल खुलने के बाद कुछ हद तक इसकी भरपाई की जा सके इसके लिए शासन की ओर से कार्ययोजना तैयार की गई है। शिक्षा सचिव राधिका झा की ओर से इस संबंध में आदेश जारी किया गया है। सचिव की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि स्कूलों में शैक्षिक गतिविधियां एवं छात्रों पर अधिक ध्यान दिए जाने की जरूरत है।

राज्य में कोविडकाल में स्कूल बंद रहने की वजह से बच्चों की पढ़ाई का काफी नुकसान हुआ है। शिक्षा सचिव ने कहा कि स्कूल बंद होने की वजह से सबसे अधिक प्रभाव प्राथमिक स्तर के बच्चों पर पड़ा है। इस स्तर पर बच्चों के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन की व्यवस्था संसाधनों की कमी के चलते ठीक से नहीं हो पाई है।

बच्चों की पढ़ाई का जो नुकसान हुआ है, उन्होंने स्कूलों के निरीक्षण के दौरान खुद इसे देखा है। सचिव ने कहा कि पढ़ाई के नुकसान की भरपाई के लिए कुछ आवश्यक कदम उठाने की जरूरत है। इसके लिए हर स्कूल में कक्षावार एवं विषयवार स्कूलों में पोस्टर, फ्लैक्स लगाए जाएं। यह तय किया जाए कि हर छात्र-छात्रा के पास पाठ्य पुस्तकें हों।

जो छात्र कक्षा में नहीं आ रहे हैं, उन्हें ऑनलाइन पढ़ाया जाए या ऐसे छात्र छात्राओं के लिए नियमित वर्कशीट की व्यवस्था की जाए, हर दिन पाठ्यक्रम के अनुसार गतिविधियां कराकर बच्चों को पढ़ाया जाए, ताकि बच्चे अधिक रुचि लेकर पढ़ें। हर महीने के अंतिम शनिवार को पीटीएम का आयोजन किया जाए। इसके अलावा शैक्षिक सत्र समाप्त होने से पहले पाठ्यक्रम पूरा हो इसके लिए कार्ययोजना तैयार की जाए।

advertisement at ghamasaana