हरिद्वार। लालपुल के पास रेलवे ट्रैक से कांवड़ियों की गुजरने की वीडियो वायरल होते ही पुलिस में हडकंप मच गया। सूचना मिलते ही ज्वालापुर कोतवाल व रेल चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचे और सिंहद्वार से गुरुकुल महाविद्यालय की तरफ जा रहे पटरी के गेट को बंद कराया। जिस समय कांवड़ियां ट्रैक से गुजर रहे थे। उस समय दूसरे ट्रैक पर ट्रेन गुजर रही थी। ऐसे में यदि कोई घटना कांवड़ियों के साथ घट जाती तो बड़ा मामला हो सकता था। मगर हरिद्वार पुलिस के अधिकारियों ने तुंरत ही इस घटना को संज्ञान में लिया।
श्रावण मास के पहले दिन हरकी पैड़ी से कांवड़ियां कांवड़ में गंगाजल लेकर अपने गंतव्यों की तरफ रवाना हो रहे थे। प्रशासन द्वारा निर्धारित रूट से होते हुए कांवड़ियां सिंहद्वार से आर्यनगर होते हुए लालपुल की तरफ जा रहे थे। इस दौरान कांवड़ियों का एक जत्था सिंहद्वार से सीधे ही नहर पटरी पर गुरुकुल महाविद्यालय से होते हुए रेलवे ट्रैक पार कर हाइवे की तरफ जा रहे थे। कांवड़ियों के रेलवे ट्रैक पर जाने की वीडियो बनाकर किसी ने पुलिस अधिकारियों को भेज दी।
जिस पर वीडियो बनाया गया उसमें दिख रहा है कि एक ट्रैक पर रेल पथरी की तरफ जा रही है। वहीं पथरी की तरफ से ज्वालापुर आने वाले ट्रैक पर कांवड़ियां जा रहे हैं। वीडियो अधिकारियों के संज्ञान में पहुंचते ही एसएसपी डॉक्टर योगेंद्र सिंह रावत ने ज्वालापुर कोतवाल आरके सकलानी व रेल चौकी प्रभारी प्रवीन रावत को मौके पर भेजा। इसके बाद दोनों ने मौके पर पहुंचकर सिंहद्वार पटरी को बंद कराया। एसएसपी डॉक्टर योगेंद्र सिंह रावत ने बताया कि कांवड़ियों के रेलवे ट्रैक पर चलने की सूचना मिली थी। जिसके बाद सिंहद्वार से पटरी को बंद करा दिया गया।

