मेरठ। पुलिस चौकी से महज 400 मीटर की दूरी पर रविवार को बदमाशों ने व्यापारी को गोली मार दी। इसके बाद हवा में तमंचा लहराते हुए फरार हो गए। घटना के बाद व्यापारियों ने पूरा बाजार बंद कर रोड पर जाम लगा दिया। जानकारी पर पहुंचे पुलिस अफसरों को कानून का हवाला देकर कहा कि ये आपकी कानून व्यवस्था है। घायल व्यापारी की हालत नाजुक बताई जा रही है। बीच शहर में बुढ़ाना गेट पर ये वारदात हुई है।
टीपीनगर थाना क्षेत्र के पंजाबीपुरा निवासी निवासी पुनीत जैन (41) पुत्र राकेश जैन का बुढ़ाना गेट पर वर्धमान कॉपी सेंटर है। रविवार दोपहर 12 बजे वह अपने शॉप पर थे। तभी दो बदमाश पहुंचे और व्यापारी को सीने में गोली मार दी। इसके बाद पैदल ही भाग निकले।
गोली लगने के बाद खून से लथपथ व्यापारी जमीन पर गिर पड़े। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। फिर, आसपास के व्यापारी घायल को अस्पताल ले गए। इस घटना के बाद व्यापारियों ने आक्रोश जताया।
उन्होंने कहा कि मेरठ में व्यापारी सुरक्षित नहीं है। उन पर सरेआम हमले किए जा रहे हैं। पुलिस ने हमलावरों का जल्द पता लगाने का आश्वासन दिया है।

