गोंडा। बभनान कस्बे के जमुनहां गांव में दीवार गिरने से दो बच्चियों की मौत हो गई, जबकि तीन बच्चियां घायल हो गईं, जिसमें एक की हालत गंभीर है। घटना से पूरे गांव में हाहाकार मच गया। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। तीनों बच्चियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जमुनहां गांव में सड़क से थोड़ा हटकर एक जर्जर मकान है। उसमें काफी दिनों से कोई रह नहीं रहा है। जिससे मकान की हालत काफी खराब हो गई है। उसी मकान के पास मंतोष की आठ वर्षीय पुत्री अंशिका, रवि की पांच वर्षीय पुत्री अनन्या और संतोष की पुत्री मुस्कान के अलावा दो और बच्चियां खेल रहीं थी। इसी बीच जर्जर मकान की दीवार भरभराकर गिर गई। जिससे तीनों बच्चियां मलबे के नीचे दब गईं। चीख पुकार सुनकर लोग घटनास्थल की तरफ दौड़ पड़े। पूरे गांव में हाहाकार मच गया। जिसे भी मामले की जानकारी हुई वही घटनास्थल पर पहुंच गया। ग्रामीण तुरंत राहत कार्य में जुट गए। इसी बीच किसी ने मामले की सूचना पुलिस को दे दी।

जिससे थानाध्यक्ष छपिया राकेश कुमार सिंह, चौकी प्रभारी बभनान कामेश्वर राव और ग्राम प्रधान मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने लोगों की मदद से मलबा हटवा कर बच्चियों को बाहर निकलवाया, लेकिन तब तक अंशिका और अनन्या की मौत हो चुकी थी। वहीं मुस्कान गंभीर रूप से घायल हो गई थी। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दो बच्चिों की मौत से दोनों घरों में मातम पसर गया, जबकि पूरे गांव दुख की लहर दौड़ गई। मामले की जानकारी मिलते ही भाजपा नेता विपिन कुमार मिश्र, डॉं राजेंद्र मिश्र सहित गांव के लोगों ने मौके पर पहुंच कर मृतक बच्चियों के परिजनों को सांत्वना दी। इस मौके पर विपिन कुमार मिश्र ने कहा कि यह बहुत ही दुखद घटना है और दुख की इस घड़ी में वह पीड़ित परिवार के साथ हैं। विपिन कुमार मिश्र ने कहा कि पीड़ित परिवार की हर संभव मदद की जाएगी। वहीं घायलों के तत्काल उपचार की व्यवस्था कर दी गई है।

