हरिद्वार। आर्यव्रत यानी भारत के प्रथम राजा दक्ष प्रजापति की राजधानी रही कनखल में सोमवार रात यूपी पुलिस के एक इंस्पेक्टर के बेटे ने हवाई फायरिंग कर दहशत फैला दी। सूचना पर पुलिस ने इंस्पेक्टर के बेटे को हिरासत में ले लिया। जबकि उसका साथी फरार हो गया। बताया जाता है कि कनखल में युवाओं के दो गुटों में कई महीनों से रंजिश चली आ रही है।
उत्तर प्रदेश के लोनी गाजियाबाद में तैनात इंस्पेक्टर के बेटे ने सोमवार रात अपने एक साथी के साथ मिलकर बाइक सवार तीन युवकों की तरफ हवाई फायरिंग कर दी। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो पता चला कि दूसरे गुट ने कुछ दिन पहले इंस्पेक्टर के छोटे बेटे की पिटाई की थी। जिस कारण दोनों गुटों में तनातनी बढ़ गई। दूसरे गुट को डराने के लिए ही एक गुट ने सोमवार देर रात फायरिंग की। गनीमत रही कि कोई फायरिंग की चपेट में नहीं आया। कनखल थानाध्यक्ष दीपक कठैत ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

