बस्ती। बेटे ने रिश्तों को तार तार कर अपनी मां की ही बांस से पीट पीटकर मार डाला। मां का कुसूर केवल इतना था कि वह झगड़ा होते समय बहू का पक्ष लेती थी। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
वारदात जिले के नगर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत रमवापुर कला के राजस्व गांव मुडिला कठार का है। बताया जा रहा है कि गांव निवासी एक युवक नशे का आदी था। वह अक्सर नशे में अपनी पत्नी के साथ मारपीट करता था। मारपीट के दौरान मां अपनी बहू का पक्ष लेती थी। यह मामला कई दिनों से चल रहा था।
बुधवार को फिर बेटा शराब पीकर आया और पत्नी के साथ झगड़ा करने लगा। इस पर बीच बचाव के लिए मां बीच में आ गई । मां ने हमेशा की तरह बहू का ही पक्ष लिया। इससे बेटा आगबबूला हो गया। उसने पास पड़ा एक बांस उठा लिया और मां पर ताबड़तोड़ प्रहार करना शुरू कर दिया। सिर में चोट लगने से मां की मौके पर ही मौत हो गई।
यह देख बेटा वहां से फरार हो गया। इस बीच किसी ने मामले की जानकारी पुलिस को दे दी। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है आरोपी बेटे को शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

