किसानों को बड़ी राहत देने जा रही योगी सरकार, बेसहारा  गोवंश से मिलेगा छुटकारा, गो सफारी का प्रस्ताव तैयार

ग्रेटर नोएडा। बेसहारा गोवंश से प्रदेश के किसानों को जल्द ही छुटकारा मिलेगा।  इसके लिए प्रदेश में गो सफारी बनाई जाएगी। प्रमुख सचिव पशुधन ने सरकार को प्रस्ताव बनाकर दे दिया है। वन क्षेत्र की जमीन पर गो सफारी बनाई जाएगी। इसमें गोवंश के लिए हर तरह की सुविधाएं होंगी।

14 मार्च को प्रमुख सचिव पशुधन सुधीर गर्ग ने वर्चुअल बैठक की थी, जिसमें प्रदेशभर के मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, वेटनरी यूनिवर्सिटी के डीन, वेटरनरी कालेज के प्रोफेसर, गौशाला संचालक, एनजीओ के पदाधिकारी और समाजसेवी जुड़े थे। बैठक में गोवंश के संरक्षण के लिए गो सफारी बनाने को लेकर सहमति बनी थी। इसके बाद प्रमुख सचिव ने सरकार को प्रस्ताव भेजा है।
निराश्रित गोवंश संरक्षण योजना फेल होने पर लिया फैसला
उत्तर प्रदेश पशु चिकित्सक संघ के अध्यक्ष डा. राकेश कुमार शुक्ल ने बताया कि सरकार ने गोवंश के संरक्षण के लिए निराश्रित गोवंश संरक्षण योजना शुरू की थी। इसके तहत अस्थायी निराश्रित गोवंश आश्रय स्थल बनाए गए थे। इसका माडल सही नहीं था। इसके तहत जमीन के चारों ओर खोदाई कर बीच में गोवंश को रहने के लिए टापू बनाए गए थे। खाई में गिरने, लू, शीतलहर और बारिश के कारण गोवंश की मौत हो रही थी। ऐसे करीब प्रदेशभर में 5200 आश्रय स्थल बनाए गए थे। इस माडल में नौ विभागों को गोवंश के संरक्षण के लिए जिम्मेदारी सौंपी गई थी, लेकिन कोई भी विभाग सही से इसकी जिम्मेदारी नहीं निभा सका। इस कारण सफारी बनाने की जरूरत पड़ी।

फसलों को नहीं होगा नुकसान, सड़क दुर्घटनाएं होंगी कम
दरअसल बेसहारा गोवंश कई बार फसलों को चर लेते हैं। साथ ही उनके आवागमन से फसल नष्ट भी हो जाती हैं। सफारी में गोवंश के होने से किसानों की फसल नुकसान होने से बचेंगी। वहीं, सड़कों पर होने वाले हादसों में भी कमी आएगी।

सफारी में होंगी सुविधाएं, कर्मचारी भी रहेंगे तैनात
योजना के तहत प्रदेशभर में वन क्षेत्र की जमीन पर तार फेंसिंग कर गोवंश के लिए चारा, पानी की व्यवस्था की जाएगी। बारिश और धूप से बचाव के लिए शेड की व्यवस्था की जाएगी। उनकी देखरेख के लिए कर्मचारी रहेंगे। प्रस्ताव को मंजूरी मिलते ही जमीन की तलाश कर इस पर काम शुरू किया जाएगा।

advertisement at ghamasaana