UP ATS का बड़ा एक्शन : बलरामपुर से युवक गिरफ्तार, ISI नेटवर्क से जुड़े होने का आरोप

crime

लखनऊ। उत्तर प्रदेश एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) ने राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े एक अहम अभियान में बलरामपुर जिले के एक 29 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। एटीएस का आरोप है कि आरोपी पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े एक कथित नेटवर्क के संपर्क में था और भारत विरोधी गतिविधियों को अंजाम देने की तैयारी कर रहा था।

एटीएस के अनुसार गिरफ्तार युवक की पहचान शहरोज अहमद के रूप में हुई है, जो बलरामपुर जिले के गैसड़ी थाना क्षेत्र के जमधरा गांव का निवासी है। जांच एजेंसी का दावा है कि वह फेसबुक के माध्यम से पाकिस्तान स्थित कथित हैंडलर जसवीर चौधरी के संपर्क में आया था। बाद में दोनों के बीच व्हाट्सएप, मैसेंजर और सिग्नल जैसे एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग प्लेटफॉर्म पर बातचीत होने लगी।

एटीएस का आरोप है कि आरोपी को राजस्थान के श्रीगंगानगर से हथियार और विस्फोटक सामग्री जुटाने का निर्देश दिया गया था। एजेंसी का यह भी दावा है कि उसे अन्य युवाओं को नेटवर्क से जोड़ने और कथित स्लीपर सेल तैयार करने के लिए भी कहा गया था। जांच में आरोपी के इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से डिजिटल साक्ष्य मिलने की बात कही गई है, जिनकी फोरेंसिक जांच की जा रही है।

जांच एजेंसी के मुताबिक, आरोपी हाल ही में मुंबई से अपने गांव लौटा था और उसके बाद कार्रवाई की गई। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर अदालत में पेश किया गया है। फिलहाल एटीएस यह पता लगाने में जुटी है कि इस कथित नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हो सकते हैं तथा क्या इसका संबंध किसी बड़े मॉड्यूल से है।

advertisement at ghamasaana