अंकित हत्‍याकांड : भोलू शाहपुरिया के नाम से फिर पोस्ट, ‘सुमित-मोहित का एनकाउंटर नहीं, हत्या की गई

ankit murder case

शामली। हरियाणवी गायक अंकित बालियान हत्याकांड में अब एक नया मोड़ आ गया है। पुलिस जहां सोनीपत के दो शार्प शूटरों एक-एक लाख रुपये के इनामी मोहित और सुमित को मुठभेड़ में मार चुकी है, वहीं बृहस्पतिवार को सोनीपत के गोगी गिरोह के भोलू शाहपुरिया के नाम से बनाई गई इंस्टाग्राम आईडी से एक पोस्ट डाली गई। इसमें दावा किया गया कि सुमित और मोहित का एनकाउंटर नहीं हुआ, बल्कि पुलिस ने उनकी हत्या की है। पोस्ट में अंकित को भी निर्दोष नहीं बताया गया है।

पोस्ट में लिखा गया, ‘राम-राम सभी भाइयों को। मैं भोलू शाहपुरिया सोनीपत आप सभी को बताना चाहता हूं कि जो दोनों भाई सुमित और मोहित का शामली पुलिस द्वारा एनकाउंटर बताया जा रहा है, वह एनकाउंटर नहीं हत्या है। इनको 30 अगस्त की रात पंजाब के अमृतसर में गोल्डन टेंपल के पास होटल से उठाकर शामली लाकर उनकी हत्या कर दी गई।’ पोस्ट में सोशल मीडिया पर भड़काऊ या उकसाने वाली पोस्ट से खुद का कोई लेना-देना नहीं होने की बात कही गई है। साथ ही लिखा गया है कि अंकित को निर्दोष बताया जा रहा है, वह निर्दोष नहीं था। पोस्ट के अंत में ‘गोगी भाई’ लिखा गया है।

पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि पोस्ट कौन डाल रहा है, इसकी जांच कराई जा रही है। इंस्टाग्राम आईडी भोलू शाहपुरिया की है या किसी अन्य व्यक्ति की, इसकी भी जांच की जा रही है।

इससे पहले 27 अगस्त को भी इसी नाम से सोशल मीडिया पर पोस्ट डाली गई थी। उसमें अंकित बालियान की शामली में हत्या की पूरी जिम्मेदारी भोलू शाहपुरिया के नाम से ली गई थी। पोस्ट में अंकित पर दुश्मनों का साथ देने और गोगी गिरोह के खिलाफ गाना बनाने का आरोप लगाते हुए धमकी भरा संदेश भी दिया गया था। बाद की जांच में पुलिस ने दावा किया था कि जिम्मेदारी लेने वाली पोस्ट कनाडा में बैठे चिराग और अमेरिका में बैठे मोंटी ने भोलू के नाम से डाली थी।

advertisement at ghamasaana